चौकी में काम करता मिला रिटायर्ड दरोगा, लगी फटकार
गाजियाबाद। एसएसपी कलानिधि नैथानी ने बृहस्पतिवार को सिहानी चुंगी पुलिस चौकी का औचक निरीक्षण किया। कप्तान की गाड़ी रुकते ही चौकी पुलिस में हड़कंप मच गया। चौकी में रिटायर्ड दरोगा काम करता मिलने पर एसएसपी ने चौकी इंचार्ज को फटकार लगाई। इसके बाद उन्होंने जिला पुलिस को गाइडलाइन जारी कर दी कि थाने व चौकी पर अनावश्यक व्यक्ति न दिखाई दें।
एसएसपी दोपहर बाद एकाएक सिहानी चुंगी पुलिस चौकी जा पहुंचे। चौकी के बाहर दो व्यक्ति मिले, जिनमें से एक बाइक चोरी का पीड़ित मिला जबकि दूसरा व्यक्ति डीजे बजाने की परमिशन के लिए आया था। उनसे पुलिस रिस्पांस के बारे में पूछकर कप्तान निरीक्षण में जुट गए। चौकी कार्यालय व कमरों के निरीक्षण के दौरान उन्हें एक व्यक्ति लिखापढ़ी करता मिला। पूछने पर पता चला कि वह रिटायर्ड दरोगा है और लिखापढ़ी में पुलिस की मदद कर रहा है। इस पर कप्तान ने कड़ी नाराजगी जाहिर करते हुए चौकी इंचार्ज को फटकार लगाई। आगंतुकों की समस्या का तत्काल निराकरण करने के निर्देश देकर एसएसपी वापस लौट आए। एसएसपी का कहना है कि थाने-चौकियों पर सिर्फ पीड़ित ही आए। कोई भी अनावश्यक व्यक्ति थाने-चौकियों पर न दिखाई दे। कोई भी अवांछनीय व्यक्ति या प्राइवेट व्यक्ति थाने-चौकी पर न दिखे।