15 बवालियों के खिलाफ एसआईटी ने जुटाए सुबूत, गिरफ्तारी के आदेश
गाजियाबाद। सीएए के विरोध में बवाल करने वाले आरोपी एसआईटी की जांच में बेनकाब होने शुरू हो गए हैं। पहले चरण में कैला भट्ठा में बवाल करने वाले 15 आरोपियों को गिरफ्तार करने के आदेश दिए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, इनके खिलाफ पुख्ता सुबूत मिले हैं। एसआईटी ने इनकी सूची संबंधित थानों को भेजकर गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं। एसआईटी के एक्शन मोड में आने के बाद एक बार फिर से जिले के बवाली भूमिगत होने शुरू हो गए हैं।
गौरतलब है कि नागरिकता कानून को लेकर दिल्ली सहित यूपी में तमाम स्थानों पर विरोध-प्रदर्शन की आड़ में हिंसा की गई। गाजियाबाद में भी 20 दिसंबर 2019 को जुमे की नमाज के बाद नगर के कैला भट्ठा, साहिबाबाद के पसौंडा, लोनी व मुरादनगर में प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव किया था। हालात काबू करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा था। बवाल को लेकर उक्त चारों थानों में छह हजार से अधिक बवालियों के खिलाफ सात एफआईआर दर्ज की गई।
थानों में खरीद-फरोख्त शुरू होने पर गठित हुई थी एसआईटी
घटना के बाद थानों में बवाल के आरोपी बताकर खरीद-फरोख्त का दौर शुरू हो गया था। एक अधिकारी ने खुद लोनी थाने से 19 लोगों को हवालात से छुड़वाया भी था। वहीं, यह शिकायत भी मिली थी कि रंजिश निकालने के लिए बेकसूरों के नाम भी बवाल में लिखवाए जा रहे हैं। मुकदमों की निष्पक्ष जांच के लिए पूर्व एसएसपी सुधीर कुमार सिंह ने एसपी क्राइम प्रकाश कुमार के नेतृत्व में एसआईटी गठित कर सुबूत मिलने के बाद ही गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे।
एक्शन मोड में एसआईटी, बवालियों की लिस्ट तैयार
विवेचना के दौरान एसआईटी ने बवालियों के खिलाफ सबूत जुटाकर उनकी सूची संबंधित थानों को भेजनी शुरू कर दी है। पहले चरण में कैला भट्ठा में हुए बवाल के 15 आरोपियों के खिलाफ सुबूत मिले हैं। सूची थाने में भेजकर बवालियों को गिरफ्तार कर जेल भेजने के निर्देश दिए हैं। सूची मिलने के बाद पुलिस ने बवालियों की घेराबंदी शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र केये बवाली चिह्नित
आसू निवासी कैला भट्ठा, जोंटी व इकबाल निवासी मेन मार्केट कैला भट्ठा, वसीम निवासी इस्लामनगर, आबिद निवासी फैजू वाली गली कैला भट्ठा, जुबैर व शानू निवासी मरकज रोड, इमरान निवासी मोती मस्जिद, इरफान निवासी धोबी वाली गली कैला भट्ठा, समीर निवासी गली नंबर-8, चांद निवासी इस्लामनगर, साबिर निवासी न्यू हिंडन विहार हज हाउस के पास साहिबाबाद के खिलाफ सुबूत मिलने पर उन्हें गिरफ्तार करने के आदेश दिए हैं।
आप विधायक के खिलाफ कार्रवाई पर फैसला जल्द
बवाल के बाद 23 दिसंबर को नगर कोतवाली पुलिस ने ओखला, दिल्ली से आम आदमी विधायक अमानतुल्लाह खान के खिलाफ भी हिंसा भड़काने का केस दर्ज किया था। मुकदमे की जांच भी एसआईटी द्वारा की जा रही है। बताया जा रहा है कि विधायक के खिलाफ कार्रवाई को लेकर एसआईटी जल्द फैसला ले सकती है। कुल मिलाकर बवाल के डेढ़ माह बाद गिरफ्तारी की तलवार लटकने पर एक बार फिर बवालियों में हड़कंप मचा है।