इंदिरापुरम में बनेगी 400 वाहनों की मल्टीलेवल पार्किंग
गाजियाबाद। राज्य स्मार्ट सिटी योजना के तहत इंदिरापुरम में 400 वाहनों की क्षमता की मल्टीलेवल पार्किंग का निर्माण किया जाएगा। शहर की यातायात व्यवस्था को दुरुस्त बनाने के लिए इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आईटीएमएस) प्रोजेक्ट को राज्य स्मार्ट सिटी योजना में शामिल कर लिया गया है। आईटीएमएस के लिए दो चरणों में पांच-पांच करोड़ दिए जाएंगे। जीडीए में राज्य स्मार्ट सिटी के बाबत मंडलायुक्त की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में कुल आठ में से सिंचाई विभाग और पीडब्ल्यूडी के दो प्रस्तावों को हटाकर दो नए प्रस्तावों को शामिल किया गया है।
इंदिरापुरम में जीडीए पहले से ही स्वर्णजयंती पार्क के पास 250 वाहनों की मल्टीलेवल पार्किंग का निर्माण करा रहा है। क्षेत्र को दूसरी मल्टीलेवल पार्किंग मिलने से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। जीडीए और निगम के अधिकारी जल्द मल्टीलेवल पार्किंग की साइट को चिह्नित करेंगे। इसके अलावा बैठक में नगर निगम के इको लाइब्रेरी, स्मार्ट स्कूल और पार्कों में ओपन जिम संबंधी प्रस्ताव को भी मंजूरी मिल गई है। इको लाइब्रेरी के तहत निगम की पूर्व में बनी लाइब्रेरी में नया कॉंफ्रेंस रूम, ओपन रीडिंग स्पेस, आरएफआईडी सिस्टम, सीसीटीवी व लिफ्ट लगाने का काम शामिल है।
वहीं नगर निगम की ओर से छह स्कूलों का स्मार्ट स्कूल के तहत उच्चीकरण किया जाएगा। प्रदूषण नियंत्रण विभाग के ई-वेस्ट रिसाइकिलिंग प्लांट फॉर लार्ज होम एप्लाइंस के प्रस्ताव को हरी झंडी मिली। बेसिक शिक्षा विभाग के 95 परिषदीय स्कूलों को अपग्रेड करने, स्वास्थ्य विभाग के शहरी क्षेत्र के अस्पताल में मरीजों की ई-प्रोफाइल व एमआरआई सेंटर को मंजूरी मिल गई है। जीडीए की ओर से महामाया स्टेडियम के पीछे भूमि का सुंदरीकरण और नया गाजियाबाद रेलवे स्टेशन के समाने स्मार्ट रोड का विकास किया जाएगा। माध्यमिक शिक्षा विभाग के नंदग्राम स्थित राजकीय इंटर कॉलेज को अपग्रेड किए जाने संबंधी प्रस्ताव को मंजूरी मिल गई है।
---
आईटीएमएस में पहले दो कॉरिडोर पर होगा काम
मंडलायुक्त अनीता सी. मेश्राम ने जीडीए व नगर निगम अधिकरियों से आईटीएमएस प्रोजेक्ट को पूरे शहर में शुरू करने की जगह पहले दो कॉरिडोर पर संचालित करने के निर्देश दिए हैं। पायलट प्रोजेक्ट के तहत दो कॉरिडोर में सफलता के बाद अन्य कॉरिडोर पर काम करने को कहा है। 69 करोड़ के आईटीएमएस प्रोजेक्ट में कंपनी ने पहले एलिवेटेड रोड से हिंडन एयर फोर्स स्टेशन से सिकंदरपुर टर्मिनल तक काम करना शुरू कर दिया है। बैठक में शरारती तत्वों की ओर से पिलर फाउंडेशन को नुकसान पहुंचाने के मामले में कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।