गाजियाबाद में तमाम तरह के हथकंडे अपनाकर लोगों की खून-पसीने की कमाई ऐंठने वाले जालसाजों का एक और कारनामा सामने आया है। हैरत की बात यह है कि इस बार जालसाजों ने एसएसपी गाजियाबाद केफेसबुक मैसेंजर का अकाउंट हैक कर लिया और फ्रेंडलिस्ट में शामिल लोगों से मदद के नाम पर रुपयों की मांग की। चैट के स्क्रीनशॉट वायरल होने पर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एसएसपी ने मामले की जांच के निर्देश दिए हैं।
एसएसपी गाजियाबाद के नाम से फेसबुक पर अकाउंट बना हुआ है। बृहस्पतिवार को पुलिस महकमे में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब उक्त फेसबुक अकाउंट के मैसेंजर से लोगों से रुपयों की मदद मांगने की चैट वायरल हो गई। मैसेज पर गौर करें तो फ्रेंडलिस्ट में शामिल एक व्यक्ति से एसएसपी द्वारा 20 हजार रुपये की मदद मांगी जा रही है। गौर करने वाली बात यह है कि उक्त मैसेज में रुपये गूगल-पे के जरिये मांगे जा रहे हैं। उसमें एसएसपी द्वारा 12 तारीख को रकम वापस करने की बात भी कही जा रही है।
पुराना है अकाउंट, लगी है एचएन सिंह की फोटो
उक्त फेसबुक अकाउंट कई साल पहले क्रिएट किया गया था। सबसे पहली पोस्ट 12 अक्टूबर 2014 को डाली गई है। इसके बाद सीधे 2016 में 7 जून को दूसरी पोस्ट डाली गई है। फेसबुक पर सर्च करने पर प्रोफाइल पिक्चर में आईपीएस एचएन सिंह की फोटो लगी हुई है। जबकि उनके बाद से जिले के तीन कप्तान बदल चुके हैं। एसएसपी सुधीर कुमार सिंह का कहना है कि उक्त फेसबुक आईडी काफी पहले बनाई गई थी।
एसएसपी ने बैठाई जांच
एसएसपी सुधीर कुमार सिंह का कहना है कि उक्त फेसबुक अकाउंट पूर्व एसएसपी एचएन सिंह की फोटो लगी है। उन्होंने इस आईडी का भी इस्तेमाल नहीं किया। साथ ही कभी फेसबुक पर कोई आईडी नहीं बनाई। उनका यह भी कहना है कि उक्त वायरल चैट पुराना भी हो सकता है। बहरहाल मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं। जांच में सब कुछ स्पष्ट हो जाएगा।
एसएसपी होने के बाद आपको ऐसे पैसे लेने पड़ रहे हैं?
एसएसपी गाजियाबाद नाम के फेसबुक मैसेंजर से एक व्यक्ति द्वारा की गई चैट में 20 हजार रुपये मांगे गए है। उक्त व्यक्ति को हैरत होती है। वह पूछ रहा है कि सर क्या बात। एसएसपी होने के बाद आपको ऐसे पैसा लेना पड़ रहा है? सब ठीक है?
वायरल चैट पर एक नजर
एसएसपी गाजियाबाद : हाय, हैलो
फेसबुक फ्रेंड : जय हिंद सर। हाऊ कैन आई हेल्प यू सर
एसएसपी गाजियाबाद : आपकी छोटी सी हेल्प चाहिए
फेसबुक फ्रेंड : आदेश करें सर
एसएसपी गाजियाबाद : कुछ पैसे चाहिएं अर्जेंट में
फेसबुक फ्रेंड : कितने चाहिएं सर
एसएसपी गाजियाबाद : 20 हजार रुपये सर
फेसबुक फ्रेंड : अकाउंट नंबर दीजिए
एसएसपी गाजियाबाद : गूगल पर फोन पे पेटीएम हो जाएगा
फेसबुक फ्रेंड : सर तो नंबर सेंड कीजिए।
एसएसपी गाजियाबाद : कर दिया सर।
फेसबुक फ्रेंड : सर क्या बात। एसएसपी होने के बाद आपको ऐसे पैसा लेना पड़ रहा है।
एसएसपी गाजियाबाद : अर्जेंट है।
फेसबुक फ्रेंड : आपका तो गाजियाबाद से ट्रांसफर हो गया ना? तुम मुझे वापस कब करेंगे। क्या आप मेरे से मिलकर नहीं ले सकते हैं। मेरे बैंक अकाउंट में इतने नहीं हैं।
एसएसपी गाजियाबाद : 12 तारीख में रिटर्न कर दूंगा।
फेसबुक फ्रेंड : मैं आपको कैश दे दूंगा।
एसएसपी गाजियाबाद : ऑनलाइन करा दो प्लीज
अकाउंट हैक कर दर्जनभर लोगों से मांगे रूपये
पुलिस का कहना है कि किसी हैकर ने फेसबुक उकाउंट का मैसेंजर हैक कर लिया है। वहीं, बताया जा रहा है कि फ्रेंडलिस्ट में शामिल दर्जनभर लोगों से इसी तरह चैट करकेरुपये मांगे गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि साइबर सेल मामले की जांच कर रही है। किस आईपी एड्रेस से मैसेंजर चलाया गया है, उसे ट्रेस कर आरोपी तक पहुंचा जाएगा।
फेसबुक अकाउंट हैक होने से ऐसे बचाएं
- टू-स्टेप ऑथेंटिकेशन को एक्टिवेट करकेरखें
- समय-समय पर पासवर्ड बदलते रहें।
- कठिन पासवर्ड रखें।
- जन्मतिथि, मोबाइल नंबर, होम टाउन या निकनेम को पासवर्ड न बनाएं।
तो समझो कि अकाउंट हैक हो गया..
अगर आपके अकाउंट पर आपकी मर्जी के द्वारा कोई पोस्ट, लाइक या अन्य गतिविधि की जा रही है तो समझें कि अकाउंट हैक हो गया है। अकाउंट होल्डर केसारे अधिकार हैकर के पास चले जाएंगे। ऐसे में अकाउंट में रिकवरी मेल अपनी डालकर रखें। अगर हैकर ने रिकवरी मेल नहीं बदली तो अकाउंट दोबारा से प्राप्त किया जा सकता है। अगर पासवर्ड के साथ-साथ रिकवरी मेल भी बदल दी है तो फेसबुक हेल्पसेंटर की मदद से ही फेसबुक अकाउंट दोबारा प्राप्त हो सकता है।- कर्मवीर सिंह, साइबर एक्सपर्ट (मेरठ जोन पुलिस)