ऑनलाइन लाइक्स के नाम पर 3700 करोड़ का घोटाला करने वाली वेबवर्क ट्रेड लिंक्स प्राइवेट लिमिटेड पर केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की तरफ से कार्रवाई जारी है। जांच एजेंसी ने अभी तक कंपनी व उससे जुड़े लोगों की करीब 12 करोड़ रुपये की संपत्ति सील की जा चुकी है।
हाईकोर्ट में पेश की स्टेटस रिपोर्ट से पता चलता है कि कंपनी के निदेशक अनुराग गर्ग व संदेश वर्मा के साथ कई अन्य लोगों ने भी मोटी रकम लगाई थी। इसमें मेरठ के तीन ज्वेलर, एक चिकित्सक और पेट्रोल पंप संचालक का भी पैसा लगा था, जिसे सीज किया गया है। साथ ही गाजियाबाद में क्रॉसिंग रिपब्लिक स्थित फ्लैट को सील करने के साथ बीएमडब्ल्यू कार को सीज किया गया।
सीबीआई सूत्रों से पता चला है कि स्टेटस रिपोर्ट में कंपनी निदेशकों के साथ अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है। वेबवर्क से जुड़ी कंपनी प्रतीक डील कॉम प्राइवेट लिमिटेड में मेरठ के एक चिकित्सक ने 70 लाख 70 हजार की धनराशि ट्रांसफर की। मेरठ से ही जुड़े तीन ज्वेलर को कंपनी निदेशक ने 65 लाख रुपया ज्वेलरी खरीदने के नाम पर दिया गया, लेकिन ज्वेलरी कभी सप्लाई नहीं हुई। इसलिए संबंधित धनराशि को सील कर दिया गया है।
संदेश वर्मा द्वारा खरीदी गई 76 लाख 50 हजार की बीएमडब्ल्यू भी सीज कर दी गई है। साथ ही नोएडा सेक्टर-78 स्थित 75 लाख रुपये से अधिक का फ्लैट और अनुराग गर्ग द्वारा रिश्तेदार को बेचे गए क्रॉसिंग रिपब्लिक स्थिति फ्लैट को सील कर दिया गया है, जिसका बाजार मूल्य 35 लाख है। जांच एजेंसी ने फ्लैट की स्टांप ड्यूटी दो लाख 80 हजार रुपये की धनराशि भी सील की है।
बैंक खाते की धनराशि भी गई सील
स्टेटस रिपोर्ट से पता चलता है कि सीबीआई ने संदेश वर्मा की पत्नी के नाम पर बैंक में जमा 72.70 लाख की धनराशि सील की है। यह सारी धनराशि वेबवर्क से जुड़ी थी, जो संदेश वर्मा की पत्नी के खातों में ट्रांसफर की गई।
कंपनी के शेयर होल्डरों का साढ़े तीन करोड़ रुपया सील
जांच एजेंसी ने कहा कि उसकी तरफ से नियमित तौर पर कार्रवाई जारी है। वेबवर्क से जुड़े शेयर धारकों (पार्टनरों) के खातों में अग्रिम भुगतान के तौर पर 4.56 लाख रुपया ट्रांसफर किए जाने के कागजात मिले, जिनके आधार पर तीन करोड़ 64 लाख 21 हजार से अधिक की धनराशि बैंकों के माध्यम से सील कर दी गई। इतना ही नहीं वेबवर्क की मार्केटिंग करने वाली फर्म के बैंक खातों से भी 2.60 करोड़ से अधिक की धनराशि सील की गई है।
पेट्रोल पंप को 14.40 लाख का भुगतान
मेरठ में हापुड़ रोड स्थित एक नामी पेट्रोल पंप संचालक के खाते में वेबवर्क के खातों से 14.40 लाख की धनराशि ट्रांसफर की गई। पूछताछ के दौरान पता चला कि जिस गाड़ी में तेल डाला जा रहा था वो वेबवर्क से संबंधित नहीं थी। इसके बाद जांच एजेंसी ने संबंधित धनराशि को सील कर दिया। इतना ही नहीं मेरठ से जुड़े एक अन्य व्यक्ति के खाते में 10 लाख की धनराशि ट्रांसफर की गई। पूछताछ में उसने अपने खाते में इतना धनराशि आने का कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए, जिसके बाद पूरी धनराशि को सील कर दिया गया।