ताड़ा तुड़वाकर पुलिस ने करवाई चोरी, फुटेज में कैद हुई घटना
गाजियाबाद। पांडव नगर औद्योगिक क्षेत्र निवासी रणपाल सिंह ने कविनगर पुलिस पर उनके घरेलू विवाद में एकतरफा कार्रवाई करने का आरोप लगाया है। पीड़ित का कहना है कि थाना पुलिस ने खड़े होकर न सिर्फ उनके मकान का ताला तुड़वाया, बल्कि घर में एक लाख रुपये की चोरी भी कराई। साथ ही, उनकी पोती को छीनकर दूसरे पक्ष (पुत्रवधू) को दे दिया। पुलिस द्वारा आरटीआई में इस तरह की कोई कार्रवाई न करने का हवाला देने पर पीड़ित ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के साथ पीड़ित ने बृहस्पतिवार को एसएसपी से शिकायत की है।
रणपाल सिंह का कहना है कि उनका उनकी पुत्रवधू से विवाद चल रहा है। करीब एक साल पहले पुत्रवधू कविनगर थाने से दरोगा व दो महिला पुलिसकर्मियों को साथ लेकर आई थी। उस वक्त वह घर नहीं थे, लेकिन पुलिस ने घर का ताला तोड़ दिया। इसकेबाद उक्त लोग घर में रखे एक लाख रुपये चोरी कर ले गए। उक्त घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। आरोप है कि इसके बाद थाना प्रभारी ने समझौते के नाम पर उनसे उनकी पोती को छीनकर पुत्रवधू को दे दी। रणपाल सिंह का कहना है कि पुत्रवधू उन्हें ब्लैकमेल कर रही है।
आरटीआई के जवाब में हाथ लगा सुबूत
रणपाल सिंह का कहना है कि उन्होंने घर पर आकर ताला तोड़ने केसंबंध में आरटीआई लगाई तो पुलिस ने जीडी में इस तरह की कोई कार्रवाई दर्ज न होने का हवाल दिया। इसके बाद उन्होंने कैमरों की फुटेज ली, जिसमें दरवाजा तुड़वाती पुलिस व उसकी पुत्रवधू के साथ घर में घुसी पुलिस साफ दिखाई दे रही है। पीड़ित ने आला अधिकारियों ने न्याय दिलाने की गुहार लगाई है।