मेरठ में कटवा दिए 200 से अधिक वाहन, मुठभेड़ में दो गिरफ्तार
गाजियाबाद। वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़ कर सिहानी गेट पुलिस ने दो आरोपियों को सोमवार देर रात मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, मुठभेड़ के दौरान सोतीगंज मेरठ के कुख्यात वाहन कटान माफिया मन्नू कबाड़ी व उसका भाई फरार हो गया। सीओ द्वितीय आतिश कुमार सिंह ने प्रेसवार्ता में बताया कि गिरोह अब तक 200 से अधिक वाहन चुराकर सोतीगंज में कटवा चुका है।
सीओ द्वितीय ने बताया कि सिहानी गेट पुलिस को बीती रात सूचना मिली कि चोरी की दो स्कूटी लेकर पुराने बस अड्डे से संजय गीता चौक होते हुए मेरठ जा रहे हैं। इंस्पेक्टर उमेश बहादुर सिंह ने टीम के साथ पुराने बस अड्डे पर चेकिंग करने लगे। इसी दौरान दो स्कूटी पर चार युवक आते दिखे। रुकने का इशारा करने पर युवक हड़बड़ा गए और उनकी स्कूटी टकराकर गिर गईं। आरोपी पैदल भागने लगे। पीछा करने पर उन्होंने पुलिस पर गोली चला दी। घेराबंदी कर दो आरोपियों को दबोच लिया, जिनकी पहचान आनंद उर्फ पहाड़ी निवासी ग्राम मोरटा और वसीम निवासी रोहटा रोड फाजिलपुर थाना कंकरखेड़ा मेरठ के रूप में हुई है।
मन्नू कबाड़ी व उसका भाई फरार
सीओ ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान सोतीगंज मेरठ के वाहन कटान माफिया मन्नू कबाड़ी व उसका भाई जावेद फरार होने में कामयाब रहा।
यह हुई बरामदगी
आरोपितों से बरामद दो स्कूटी के अलावा मछली गोदाम मेरठ रोड खंडहर से नौ बाइक व एक स्कूटी बरामद हुई। इसके अलावा एक तमंचा, एक खोखा व एक जिंदा कारतूस, चार फर्जी नंबर प्लेट बरामद हुई हैं। आरोपी आनंद पर मेरठ व गाजियाबाद में 17 तथा वसीम पर 12 मुकदमे दर्ज हैं।