गाजियाबाद के संजय नगर सेक्टर-23 के ई-ब्लॉक में नक्षत्र ज्वेलर्स के शोरूम पर ग्राहक बनकर आया बदमाश करीब 25 तोले की तीन सोने की चेन लेकर भाग गया। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने मामले में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सर्राफ गौरव कपिल ने बताया कि बुधवार सुबह 10:15 बजे एक युवक दुकान में पहुंचा। उसने सचिन से पहले सोने की चेन दिखाने के लिए कहा। सचिन लॉकर से चेन निकालकर दिखाने लगा। पसंद नहीं आने की बात कह उसने कुंडल दिखाने को कहा। सचिन लॉकर से कुंडल निकाल रहा था। इतने में बदमाश काउंटर पर रखी सोने की तीन चेन लेकर भाग गया।
बदमाश के भागने के बाद सचिन ने शोर मचाया तो आसपास की दुकान के लोग बाहर आ गए। सीओ कविनगर अवनीश कुमार ने बताया कि आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। टीमें लगी हैं जल्द ही बदमाश को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
आसपास उसके साथी के खड़े होने का अंदेशा
बदमाश ज्वेलर्स के शोरूम पर पैदल पहुंचा था। घटना को अंजाम देने के बाद वह पैदल ही भागा है। इसके अलावा वारदात से पहले उसने दो तीन बार शोरूम से बाहर निकलकर किसी से फोन पर बात भी की। आशंका जताई जा रही है कि उसका कोई साथी वाहन लेकर आसपास ही खड़ा था जिसके साथ वह फरार हो गया।
मालीवाड़ा में भी पिता-पुत्री ने की थी लूट
20 जुलाई को मालीवाड़ा स्थित श्रीमहालक्ष्मी ज्वेलर्स के यहां पिता-पुत्री और दामाद भी ग्राहक बनकर सामान खरीदने आए थे। तभी युवती ने सर्राफ और उसके कर्मचारी की आंख में मिर्च पाउडर झोंका और पिता चेन लेकर भाग गया। गनीमत यह रही कि साहस दिखाते हुए सर्राफ और कर्मचारी ने युवती को दबोच लिया। इससे उसी रात घटना खुल गई और पिता और दामाद को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था।