गाजियाबाद के मसूरी में ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर बुधवार सुबह करीब पांच बजे हरियाणा से आ रही पिकअप पीछे से ट्रक में घुस गई। हादसे में लखनऊ निवासी पिकअप चालक दीपक (27) पुत्र नीलकंठ की मौत हो गई, जबकि उसके ससुर विनोद गंभीर रूप से घायल हो गए। इस मामले में दीपक के छोटे भाई शिवा ने ट्रक चालक के खिलाफ मसूरी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
मसूरी थाना प्रभारी रविंद्र चंद पंत ने बताया कि एक्सप्रेसवे पर हादसा होने की सूचना मिली। पिकअप चंडीगढ़ से गाजियाबाद माल लेकर आ रहा था। पिकअप चालक के ससुर ने बताया कि एक ट्रक लापरवाही से एक्सप्रेसवे पर ट्रक को पीछे कर रहा था, जो अचानक से सामने आ गया। इस कारण हादसा हो गया।
पुलिस और राहगीरों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने दीपक को मृत घोषित कर दिया। पुलिस का कहना है कि मामले में दीपक के छोटे भाई ने ट्रक चालक के खिलाफ तहरीर दी है।