चार करोड़ के बैंक घोटाले में सीबीआई ने दर्ज किया मुकदमा
गाजियाबाद। बुलंदशहर रोड औद्योगिक क्षेत्र की स्टील की फर्म द्वारा पंजाब नेशनल बैंक चंद्रनगर शाखा से फर्जीवाड़ा कर चार करोड़ लोन कराने का मामला सामने आया है। सीबीआई ने बैंक के मुख्य प्रबंधक राजेश कुमार की शिकायत पर शिवजी स्टील के संचालक दक्ष कुमार, अवधेश कुमार, लीना रानी, प्रमोद कुमार और एक अन्य के खिलाफ फर्जीवाड़ा कर बैंक के साथ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है।
लोन कराने के बाद जब कई महीने तक बैंक को किस्त नहीं दी गई तब बैंक अधिकारियों ने अपने स्तर पर जांच कराई तो मामले में फर्जीवाड़ा सामने आया। इसके बाद पूरे मामले की लिखित शिकायत बैंक अधिकारी ने सीबीआई से की। जांच में पाया गया कि बैंक में बंधक रखी शालीमार गार्डन की संपत्ति पहले से ही इसी शाखा में अन्य लोन खाते में बंधक है। जबकि आर्यनगर की एक अन्य बंधक रखी संपत्ति के मालिकों ने कहा कि उन्होंने अपनी संपत्ति बंधक रखी ही नहीं है। बैंक ने पूरे मामले में सीबीआई से फर्जीवाड़े की शिकायत की है। बैंक की शिकायत पर सीबीआई ने फर्म संचालक और तीन गारंटर के साथ ही एक अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है।