बुजुर्ग की पिटाई का विरोध करने पर पिता-पुत्र पर हमला
गाजियाबाद। दिल्ली-मेरठ हाईवे स्थित मोरटा में बुजुर्ग की पिटाई का विरोध करने पर दबंगों ने लखनऊ निवासी पिता-पुत्र पर हमला बोल दिया और उनकी कार तोड़ दी। लोगों के जमा होने पर आरोपी भाग गए। पीड़ित पिता-पुत्र की तहरीर पर मधुबन-बापूधाम पुलिस ने अज्ञात हमलावरों पर हत्या की कोशिश का केस दर्ज किया है।
एसबीआई कॉलोनी लखनऊ के रहने वाले राहुल ने पुलिस को बताया कि वह परिचित के घर गाजियाबाद आए थे और शुक्रवार को गाजियाबाद से मेरठ की तरफ जा रहे थे। जब वह अपने पिता के साथ मधुबन-बापूधाम के मोरटा स्थित सीएनजी पंप पर गैस डलवाने के लिए रुके तो देखा कि कार सवार तीन युवक एक बुजुर्ग से मारपीट कर रहे हैं। वह और उनके पिता बुजुर्ग को बचाने के लिए चले गए। आरोप है कि बुजुर्ग की पिटाई का विरोध करने पर कार सवार युवकों ने बुजुर्ग को तो छोड़ दिया, लेकिन लाठी-डंडों से उन पर व उनके पिता पर हमला कर दिया। इतना ही नहीं, हमलावरों ने दबंगई दिखाते हुए उनकी कार और मोबाइल भी तोड़ दिए। काफी देर तक हंगामा होने पर स्थानीय लोग इकट्ठा होने लगे तो आरोपी युवक धमकी देते हुए फरार हो गए। पीड़ित राहुल का कहना है कि उन्होंने हमलावरों का पीछा भी किया, लेकिन वह हाथ नहीं आ सके।
सीएनजी पंप के कैमरे खंगाल रही पुलिस
घटना की जानकारी होने पर मधुबन बापूधाम पुलिस मौके पर पहुंच गई। आरोपियों की धरपकड़ के लिए काफी देर तक कांबिंग की गई, लेकिन कोई सफलता नहीं मिल सकी। सीओ कविनगर अभय कुमार मिश्र का कहना है कि राहुल की तहरीर के आधार पर अज्ञात हमलावरों पर केस दर्ज कर लिया है। आरोपियों की पहचान के लिए घटनास्थल के आसपास और सीएनजी पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। आरोपियों को ट्रेस कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।