लेनदेन ब्लॉक कराने पर भी खाते से निकली रकम
गाजियाबाद। खाते से 75 हजार रुपये निकलने के बाद बैंक में लेनदेन ब्लॉक कराने के बावजूद खाते से 50 हजार रुपये निकल गए। इस संबंध में पीड़ित ने राजनगर एक्सटेंशन में वीवीआईपी स्टाइल स्थित एक्सिस बैंक के अधिकारियों के खिलाफ नंदग्राम थाने में केस दर्ज कराया है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में भी बैंक कर्मियों की लापरवाही सामने आई है। पुलिस का कहना है कि जांच कर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
राजनगर एक्सटेंशन की केडीपी ग्रैंड सवाना सोसायटी में रहने वाले अर्पित त्यागी का कहना है कि राजनगर एक्सटेंशन की वीवीआईपी स्टाइल स्थित एक्सिस बैंक की शाखा मेंउनका बचत खाता है। गत 28 मई की सुबह साढ़े8 बजे उनके खाते से 8 बार में 75 हजार रुपये निकल गए। मोबाइल और ईमेल आईडी पर आए मेसेज से उन्हें खाते से रकम निकासी का पता चला। अर्पित त्यागी का कहना है कि उसी दिन उन्होंने बैंक खुलते ही लिखित में पूरे घटनाक्रम से बैंक कर्मचारियों को लिखित में अवगत कराते हुए लेनदेन ब्लॉक करने की मांग की थी। साथ ही नंदग्राम थाने में भी शिकायत दे दी थी। उन्होंने थाने से मिली रिसीविंग भी बैंक में जमा करा दी थी। इसके बावजूद 29 मई की शाम साढ़े6 बजे फिर से उनके खाते से पांच बार में 50 हजार रुपये निकल गए। पीड़ित का कहना है कि जब वह 28 मई को ही खाते की लेनदेन ब्लॉक करा चुके थे, इसके बावजूद खाते से रकम निकलने पर बैंक कर्मियों की संलिप्तता होना लाजिमी है।
बैंककर्मियों ने नहीं दिया संतोषजनक जवाब
अर्पित त्यागी का कहना है कि दोबारा खाते से रकम कटने पर वह फिर से बैंक गए। उन्होंने कर्मचारियों से अपने खाते की ट्रांजेक्शन ब्लॉक करने के संबंध में पूछा तो बैंक कर्मचारियों व अधिकारियों ने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। उनका आरोप है कि उनके खाते से सवा लाख निकलने के पीछे बैंक अधिकारियों की लापरवाही है। उन्होंने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
एसएचओ नंदग्राम, नीरज कुमार सिंह का कहना है कि पहले दिन खाते से रकम निकलने पर पीड़ित ने बैंक जाकर ट्रांजेक्शन ब्लॉक करा दी थी। इसके बावजूद अगले दिन फिर खाते से पैसे निकल गए। इसमें बैंककर्मियों की लापरवाही प्रतीत हो रही है। एक्सिस बैंक की वीवीआईपी स्टाइल शाखा के कर्मचारियों व अधिकारियों के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।