ब्लैक फंगस से दूसरी मौत
गाजियाबाद। ब्लैक फंगस की चपेट में आने से एक युवक की मौत दिल्ली में हो गई। स्वास्थ्य विभाग ने अभी तक इस मामले में अनभिज्ञता जताई है।
गरिमा गार्डन में रहने वाले 32 वर्षीय युवक देवेंद्र को ब्लैक फंगस की पुष्टि होने पर दिल्ली के सरिता विहार स्थित अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया था। देवेंद्र का ऑपरेशन भी किया जा चुका था, इसके बावजूद संक्रमण नियंत्रित नहीं हुआ और मौत हो गई। ट्रांसपोर्ट का काम करने वाले देवेंद्र के तीन बच्चे हैं। तीन साल पहले देवेंद्र का गुर्दा खराब हो गया था, उस समय मां ने किडनी देकर बेटे की जान बचाई थी। इस बार ब्लैक फंगस का संक्रमण देवेंद्र के जीवन पर भारी पड़ा।
तीन दिन पहले एक मरीज की हो चुकी है मौत
ब्लैक फंगस से पहली मौत सिहानी के रहने वाले 58 वर्षीय राजाराम की तीन दिन पहले हुई थी। राजाराम की मौत ब्लैक फंगस से होने की पुष्टि स्वास्थ्य विभाग भी कर चुका है। सीएमओ डॉ नरेंद्र कुमार गुप्ता का कहना था कि दूसरी मौत के बारे में जानकारी नहीं है।