कबाड़ के गोदाम में लगी आग, 8 मकान क्षतिग्रस्त
गाजियाबाद। नंदग्राम थानाक्षेत्र के हिंडन विहार स्थित कबाड़ के गोदाम में सोमवार सुबह भीषण आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि अत्यधिक तापमान से गोदाम से सटे 8 मकान भी क्षतिग्रस्त हो गए। साथ ही एक मकान में रखा सामान जल गया। सूचना पर पहुंची दमकल की 10 गाड़ियों ने दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गोदाम में आग लगने से लाखों रुपये का माल जलकर राख हो गया। दूसरी घटना सिहानी गेट थानाक्षेत्र के गांधीनगर में हुई, जहां शार्ट सर्किट से साईं मंदिर में आग लग गई।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि हिंडन विहार में मेरठ रोड पर यामीन का कबाड़ का गोदाम है। सोमवार सुबह 6 बजे सूचना मिली कि गोदाम में आग लग गई है। पहले दमकल की एक गाड़ी भेजी गई, लेकिन तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी। इसके बाद नगर कोतवाली से पांच तथा ट्रांस हिंडन से भी चार गाड़ियां बुला ली गईं। आग इतनी भीषण थी कि गोदाम की आग बुझाने के साथ-साथ गोदाम के आसपास बने मकानों को बचाना बड़ी चुनौती था। मुख्य अग्निशमन अधिकारी का कहना है कि दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। गनीमत यह रही कि आग में कोई जनहानि नहीं हुई। कबाड़ के गोदाम में प्लास्टिक भरी हुई थी, जिसकी वजह से आग भड़क गई।
बंद मकान का सामान जला
मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने बताया कि अत्यधिक तापमान के चलते गोदाम से सटे आठ मकान बाहर से क्षतिग्रस्त हो गए। किशोर नाम के व्यक्ति का मकान बंद था, जिसकी खिड़की के जरिये आग अंदर रखे सामान तक पहुंच गई। किशोर के मकान में रखा कुछ सामान जल गया।
साईं मंदिर में लगी आग
मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने बताया कि दोपहर करीब तीन बजे सिहानी गेट थानाक्षेत्र के गांधीनगर स्थित साईं मंदिर में आग लगने की सूचना मिली। दमकल की दो गाड़ियों को भेजा गया, जिन्होंने 15 मिनट में आग पर काबू पा लिया। आग की चपेट में आकर मंदिर परिसर में बने अस्थाई ढांचे में पालकी व श्रंगार आदि का सामान जल गया।