वैक्सीन सेंटर पर महिलाकर्मी को थप्पड़ मारने पर मुकदमा
गाजियाबाद। कविनगर थानाक्षेत्र के महिंद्रा एंक्लेव स्थित वैक्सीन सेंटर पर महिलाकर्मी को थप्पड़ मारने के मामले में पुलिस ने केस दर्ज किया है। महिलाकर्मी का कहना है कि उसने आरोपी की फोटो मोबाइल में ले ली थी।
वैक्सीन सेंटर की प्रभारी चिकित्सा अधिकारी दीप्ति यादव के मुताबिक, उनके सेंटर पर एक दिन में 200 लोगों को वैक्सीन लगाने की व्यवस्था है, लेकिन वैक्सीन लगवाने के लिए 400 से 500 लोग प्रतिदिन आ रहे हैं। जिससे व्यवस्था बिगड़ रही है और वैक्सीन लगवाने आने वाले लोगों की स्टाफ के साथ झड़प होती रहती है। बताया गया है कि चार दिन पहले एक युवक वैक्सीन लगवाने के लिए सेंटर पर पहुंचा था, जहां उसकी वैक्सीन लगवाने को लेकर स्टाफ से झड़प हो गई। बात इस कदर बढ़ गई कि युवक ने महिला कर्मचारी दीक्षा को थप्पड़ मार दिया था। बीच-बचाव में आई दूसरी महिलाकर्मी कविता के साथ भी अभद्रता की। पुलिस बुलाने पर आरोपी भाग गया था। एसएचओ अजय कुमार सिंह का कहना है कि सेंटर प्रभारी की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया गया है। तस्वीर के आधार पर उसे ट्रेस करने की कोशिश की जा रही है।