हिंडन मोक्ष स्थली पर आठ नए प्लेटफार्म बनाए गए
गाजियाबाद। हिंडन मोक्ष स्थली पर अंतिम संस्कार के लिए प्लेटफार्म कम पड़ने के बाद नगर निगम की ओर से सोमवार को आठ नए प्लेटफार्म बनवाए गए हैं। इनमें से चार नदी के पास और चार विद्युत शवदाह गृह के पास बनवाए गए हैं। अब प्लेटफार्म की संख्या बढ़कर 57 हो गई है। अब अंतिम संस्कार करने के लिए लोगों को घंटों का इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
हिंडन मोक्ष स्थली पर 40 प्लेटफार्म सामान्य शवों के लिए बनाए गए हैं, जबकि 9 प्लेटफार्म कोरोना संक्रमित शवों के लिए अलग बनाए गए हैं। इनके अलावा एक विद्युत शवदाह गृह में भी कोरोना प्रोटोकॉल के तहत अंतिम संस्कार कराए जा रहे हैं। हिंडन श्मशान स्थल पर अब तक 49 सीमेंटेड प्लेटफार्म थे। बीते दिनों एक दिन में अंतिम संस्कार की संख्या 60 तक पहुंच गई थी। इसकी वजह से कई लोगों को शवों के अंतिम संस्कार करने के लिए श्मशान घाट से लौटकर दूसरे स्थलों पर जाना पड़ा था। हिंडन श्मशान घाट की व्यवस्था संभाल रहे नगर निगम ने इसके बाद संज्ञान लिया और 8 प्लेटफार्म का निर्माण कराया। सोमवार शाम तक हिंडन मोक्ष स्थली पर 27 शवों का अंतिम संस्कार कराया गया। इनमें से 20 का सामान्य रूप से और 7 शवों का अंतिम संस्कार कोविड प्रोटोकॉल के तहत कराया गया।
श्मशान घाट पर नगर निगम ने बनवाई दो वाहन पार्किंग
शवों की संख्या बढ़ने के साथ-साथ हिंडन मोक्ष स्थली पर अंतिम संस्कार में आने वाले लोगों की संख्या भी बढ़ी है। अपर नगरायुक्त प्रमोद कुमार ने बताया कि यहां वाहनों का जमावड़ा लग जाता था और एंबुलेंस के निकलने के लिए भी जगह नहीं बचती थी। वाहनों के लिए नगर निगम ने मोक्ष स्थली पर दो बड़े पार्किंग स्थल बनवाए गए हैं। इन पार्किंग स्थलों पर करीब 500 वाहन खड़े हो सकते हैं। नगर निगम ने पार्किंग निर्माण का काम पूरा कर सोमवार से इन्हें चालू भी कर दिया गया है। इनकी जानकारी के लिए हिंडन मोक्ष स्थली पर दिशा सूचक बोर्ड भी लगवाए गए हैं।