ट्विटर पर भेजेंगे गंदगी की फोटो तो निगम 24 घंटे में कराएगा सफाई
गाजियाबाद। आपकी कॉलोनी में कहीं कचरा फैला हो तो फोटो खींचकर ट्विटर या फेसबुक पर नगर निगम को भेजिए, निगम 24 घंटे में सफाई कराएगा। नगर निगम ने शहर में ‘स्पॉट द गारबेज’ चैलेंज शुरू किया है। गाजियाबाद को गारबेज फ्री सिटी बनाने की कवायद को लेकर शुरू किए गए इस चैलेंज में लोग बढ़ चढ़कर भाग ले रहे हैं।
स्वच्छ सर्वेक्षण-2021 के दौरान क्यूसीआई की टीम ओडीएफ प्लस-प्लस श्रेणी के लिए सर्वे कर चुकी है। अब दूसरी टीम गारबेज फ्री सिटी के मानकों पर शहर को परखने के लिए गाजियाबाद आएगी। इसको लेकर नगर निगम तरह-तरह से प्रयास कर रहा है। निगम ने शहर में 13 स्थानों से बड़े कूड़ाघरों को विलोपित कर दिया है। करीब 20 वर्ष से चल रहे इन कूड़ाघरों को विलोपित करके यहां आने वाला कचरा अब सीधे सैनिटरी लैंडफिल साइट तक पहुंचाया जा रहा है। दूसरे चरण में अब शहर के लोगों को इस मुहिम में शामिल करने के लिए ‘स्पॉट द गारबेज’ चैलेंज शुरू किया गया है। नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर का कहना है कि जहां गंदगी फैली होगी लोग जियो टैग के साथ उसकी फोटो खींचे और नगर निगम के ट्विटर हैंडल ‘गाजियाबाद नगर निगम’ पर टैग कर दें। नगर निगम तत्काल इसकी डिटेल अपनी फील्ड टीम के पास भेजेगी और संबंधित स्थान की सफाई कराई जाएगी। इसके बाद नगर निगम कर्मचारी जियो टैग के साथ उसी स्थान की फोटो खींचकर अपने ट्विटर हैंडल से उसे री-ट्वीट करेगी। उन्होंने इस चैलेंज पर निगरानी के लिए विशेष टीम का गठन भी किया है। उनका कहना है कि शहर के लोगों के सामूहिक प्रयास से ही नगर निगम गारबेज फ्री सिटी बनकर स्वच्छ सर्वेक्षण 2021 में टॉप-5 शहरों में शुमार हो सकेगा।