कड़ी सुरक्षा के बीच निकला राकेश टिकैत का काफिला
- यूपी गेट पर किसानों के बीच राकेश टिकैत को एस्कॉर्ट मिलने की तेज रही चर्चा
माई सिटी रिपोर्टर
साहिबाबाद। भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत की सुरक्षा के मद्देनजर शुक्रवार को उनके काफिले से आगे पुलिस की एक गाड़ी भी चली। उसमें एक सब इंस्पेक्टर और अन्य पुलिसकर्मी बैठे हुए थे। इसको लेकर यूपी गेट पर किसानों के बीच राकेश टिकैत को यूपी में एस्कॉर्ट मिलने की चर्चा तेज हो गई। उधर, एसएसपी गाजियाबाद कलानिधि नैथानी ने राकेश टिकैत को एस्कॉर्ट मिलने से इंकार किया है।
भाकियू के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी धर्मेंद्र मलिक ने बताया कि राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत को पिछले कई महीने से फोन और सोशल मीडिया के जरिए तरह तरह की धमकी मिल रही थी। इसको लेकर पदाधिकारियों ने अपने स्तर से उनकी सुरक्षा के बंदोबस्त किए थे। वहीं शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे यूपी गेट पर राकेश टिकैत की गाड़ी के बराबर में सब इंस्पेक्टर और कुछ अन्य पुलिसकर्मी दूसरी गाड़ी में बैठे नजर आए। इस पर किसानों के बीच चर्चा तेज हो गई कि राकेश टिकैत को एस्कॉर्ट मिली है। चर्चा यह भी थी कि पुलिस की यह गाड़ी यूपी में ही राकेश टिकैत के साथ चलेगी। लेकिन अधिकारियों ने एस्कॉर्ट मिलने की बात से इनकार किया है।