आकाशीय बिजली गिरने से 60 केवीए का ट्रांसफार्मर जलकर राख
लोनी। ट्रॉनिका सिटी स्थित मंडोला विहार 220 केवी विद्युत उपकेंद्र में रविवार सुबह करीब साढ़े छह बजे वहां रखे 60 एमवीए के एक ट्रांसफॉर्मर पर आकाशीय बिजली गिर गई। बिजली गिरने पर ट्रांसफॉर्मर में आग लग गई। दमकल कर्मियों ने तीन घंटे में तीन पानी के टैंकरों की मदद से आग पर काबू पाया। आग लगने से करीब साढ़े चार करोड़ का नुकसान बताया जा रहा है।
अधिशासी अभियंता एपी वशिष्ट ने बताया कि मंडोला विहार योजना में एक 220 केवी विद्युत उपकेंद्र है। यहां से ट्रॉनिका सिटी, चमन विहार और मंडोला के 33 केवी उपकेंद्रों पर सप्लाई जाती है। इन केंद्रों पर दर्जनों कॉलोनियों से बिजली सप्लाई होती है। रविवार सुबह हो रही मूसलाधार बारिश के दौरान सुबह करीब साढ़े छह बजे आकाशीय बिजली 220 केवी विद्युत उपकेंद्र के 60 एमवीए के ट्रांसफॉर्मर पर गिर गई। बिजली गिरने से ट्रांसफॉर्मर पर अचानक आग गई। आग लगने से हड़ंकप मच गया। मौके पर काम कर रहे कर्मचारियों ने आला अधिकारियों और दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना पर पहुंचे अधिकारियों और दमकल कर्मियों ने आग बुझानी शुरू की। दो पानी के टैंकरों और एक फोम के टैंकर ने करीब तीन घंटे में आग पर काबू पाया।