18वीं मंजिल से कूदकर महिला ने दी जान
गाजियाबाद। क्रॉसिंग रिपब्लिक की गौर ग्लोबल विलेज सोसायटी में 18वीं मंजिल से कूदकर एक महिला ने जान दे दी है। महिला पांच छह साल से डिप्रेशन में चल रही थी। उनका इलाज भी चल रहा था। दो महीने पहले ही पति की मौत हुई थी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
ऊषा गुप्ता उम्र 62 वर्ष पत्नी स्वर्गीय विशेष चंद गुप्ता क्रासिंग रिपब्लिक की गौर ग्लोबल विलेज सोसायटी में रहती हैं। शुक्रवार दोपहर करीब 2:30 बजे उन्होंने 18वीं मंजिल के फ्लैट संख्या 1817 से छलांग लगा दी। वह निचले फ्लोर पर बने टीन शेड के ऊपर आकर गिरीं। सोसायटी के लोगों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने शव का पंचनामा भर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। क्रासिंग रिपब्लिक चौकी इंचार्ज राम मेहर सिंह ने बताया कि महिला ऊषा पिछले पांच-छह सालों से डिप्रेशन में चल रही थीं। उनके पति विशेष चंद गुप्ता शिक्षक थे। दो महीने पहले उनका भी निधन हो गया था। इससे वह और ज्यादा डिप्रेशन में आ गईं। बताया कि उन्होंने काफी तनाव में होने के कारण दोपहर में 18वीं मंजिल से कूदकर जान दे दी।