निजी कंपनी के डीजीएम के घर का ताला तोड़कर लाखों की चोरी
साहिबाबाद। इंदिरापुरम के नीतिखंड एक निवासी निजी कंपनी के डीजीएम फाइनेंस के फ्लैट का ताला तोड़कर चोरों ने लाखों रुपये का सामान चोरी कर लिया। पीड़ित परिवार समेत अपने पैतृक गांव गए हुए थे। पड़ोसी ने कॉल कर उन्हें चोरी की जानकारी दी। शिकायत मिलने पर इंदिरापुरम थाना पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
इंदिरापुरम के नीतिखंड एक में रवि किशोर परिवार के साथ रहते हैं। वह नोएडा की एक निजी कंपनी में डीजीएम फाइनेंस के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि छठ पूजा पर वह बिहार अपने गांव गए हुए थे। इस दौरान 19 नवंबर को उनके मोबाइल पर पड़ोसी का कॉल आया कि उनके घर के ताले टूटे हुए हैं। इसके बाद जब वह वापस घर लौटे तो आलमारियों के ताले टूटे हुए थे। कमरों में सारा सामान बिखरा बड़ा था। आलमारी में रखे करीब साढे़ तीन लाख रुपये के जेवर, नकदी और अन्य सामान गायब था। पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और मौका मुआयना कर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने की बात कही। पीड़ित ने इंदिरापुरम थाने में तहरीर दी है। एसएचओ इंदिरापुरम संजीव शर्मा ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही हैं।