प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार एक के बाद एक लोगों को टक्कर मारती हुई आगे बढ़ रही थी। कार की स्पीड देख सड़क के इर्द-गिर्द चल रहे लोगों में भगदड़ मच गई। जान बचाने के लिए लोग इधर-उधर बेतहाशा दौड़ने लगे। गनीमत रही कि बाइक को टक्कर मारने के बाद कार बंद हो गई, जिसके चलते कई लोग हादसे का शिकार होने से बच गए।
नशे में बताया जा रहा आरोपी, पुलिस बोली- मेडिकल से होगी पुष्टि
स्थानीय लोगों का कहना है कि हादसे के बाद जब आरोपी चालक को पकड़ा तो उसके मुंह से शराब की दुर्गंध आ रही थी। हालांकि, पुलिस ने इसकी पुष्टि से इनकार किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी का मेडिकल कराया जा रहा है। मेडिकल रिपोर्ट के बाद ही इसकी पुष्टि हो सकेगी।
मृतक के परिजनों ने थाने पर किया हंगामा
सुरेंद्र कुमार की मौत के बाद उनके परिवार में कोहराम मच गया। उन्होंने पुलिस पर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए थाने पर हंगामा शुरू कर दिया। परिजनों के मुताबिक सुरेंद्र की पत्नी की 5 साल पहले मौत हो चुकी है। इकलौती बेटी की देखरेख का जिम्मा सुरेंद्र के ऊपर ही था। परिजनों ने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मी का बेटा होने के कारण पुलिस आरोपी को बचा सकती है।
कार कब्जे में लेकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। एक घायल का अस्पताल में उपचार चल रहा है। मृतक के पिता की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया गया है। हेड कांस्टेबल वर्दी में मौके पर था, इस संबंध में पुलिस कप्तान को रिपोर्ट भेजी जाएगी। - डॉ. राकेश कुमार मिश्र, सीओ प्रथम