मुरादनगर एसएचओ अमित काकरान ने बताया कि तांत्रिक हत्याकांड में सर्विलांस से पुलिस को कोई खास मदद नहीं मिली। हालांकि घटना के बाद भागते वक्त आरोपी की फुटेज सीसीटीवी में आ गई थी, लेकिन उसके भागने की दिशा नहीं मिल पा रही थी। दिशा जानने के लिए पुलिस ने 70 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।
फुटेज देखकर पुलिस ने आरोपी की बाइक की पहचान कर ली थी। साथ ही मृतक के बेटे की मदद से पुलिस ने आरोपी का स्केच बनवाया था। बाइक की जानकारी और आरोपी का स्केच दिखाकर मुखबिरों से मदद ली गई। इसके बाद पुलिस आरोपी तक पहुंच पाई। एसएचओ ने बताया कि आरोपी मोबाइल का इस्तेमाल नहीं करता है। इस कारण उसे दबोचने में ज्यादा दिक्कत आई।
50 से अधिक महिलाओं के साथ कर रहा था तंत्र विद्या
पुलिस को मृतक आस मोहम्मद के घर से एक डायरी मिली है, जिसमें उर्दू में तंत्र विद्या का जिक्र है और यूनानी व देशी दवाइयों के बारे में लिखा हुआ है। बताया गया कि आस मोहम्मद महिलाओं का इलाज करने के बहाने उनके साथ दुराचार भी करता था। 50 से अधिक महिलाओं के साथ दुष्कर्म किए जाने की बात भी पुलिस के सामने आई है। जांच में पुलिस को पता चला है कि आस मोहम्मद की क्षेत्र के अन्य तांत्रिकों से कारोबारी रंजिश थी।
क्षेत्र के ही एक तांत्रिक मुस्तकीम ने आरोपी को बताया था कि आस मोहम्मद ने उसकी पत्नी पर घाल छोड़ रखी है, जिसके चलते वह कुछ दिनों में ही मर जाएगी। साथ ही उसने सलमान से कहा था कि तंत्र विद्या के कारण ही उसका और पत्नी का विवाद रहता है। एसपी ग्रामीण का कहना है कि आरोपी की पत्नी ऊपरी बीमारी का इलाज कराने के लिए पूर्व में मुस्तकीम के पास जाया करती थी, लेकिन बाद में उसने आस मोहम्मद के पास जाना शुरू कर दिया था। पुलिस घटना में मुस्तकीम की संलिप्तता के बारे में भी जांच कर रही है।