हाईस्कूल में 1476 और इंटर में 1440 ने छोड़ी हिंदी की परीक्षा
गाजियाबाद। हिंदी के पेपर के साथ यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा बृहस्पतिवार को शुरू हो गई। हिंदी के साथ सैन्य विज्ञान के आसान पेपर ने विद्यार्थियों को खुश होने का पूरा मौका दिया। आसान पेपर केबावजूद हाईस्कूल में 1476 और इंटरमीडिएट में 1440 परीक्षार्थियों ने पेपर छोड़ दिया। बोर्ड परीक्षा के मद्देनजर कड़ी निगरानी के साथ केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहे। पहले दिन परीक्षा में कोई भी नकलची नहीं पकड़ा गया।
यूपी बोर्ड में 66 केंद्रों पर सुबह आठ से सवा ग्यारह बजे की पाली में हाईस्कूल हिंदी के पेपर से परीक्षाओं का विधिवत आगाज हो गया। हाईस्कूल में 28419 पंजीकृत विद्यार्थियाें में से 26943 छात्र-छात्राएं हिंदी की परीक्षा में शामिल हुए। वहीं दोपहर दो बजे से सवा पांच बजे की पाली में हुई इंटर हिंदी की परीक्षा में पंजीकृत 24149 में से 22709 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। सुबह से ही केंद्रों पर विद्यार्थियों के साथ परिजनों की भीड़ देखने को मिली। बोर्ड के दिशानिर्देशों का पालन करने केबाद ही केंद्रों पर छात्र-छात्राओं को प्रवेश मिल सका।
सचल दस्ते, जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट रहे तैनात
नकल विहीन परीक्षाएं कराने और निगरानी के लिए प्रशासनिक स्तर पर पुख्ता इंतजाम किए गए। सुरक्षा के मद्देनजर सभी 66 केंद्रों पर पुलिस बल तैनात नजर आया। विभागीय स्तर पर बनाए गए पांच सचल दस्तों की ओर से विभिन्न केंद्रों का दिनभर औचक निरीक्षण किया गया। हर केंद्र पर एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट ने व्यवस्थाओं को परखा। वहीं 12 जोनल और 19 सेक्टर मजिस्ट्रेट ने निरीक्षण के जरिए व्यवस्थाओं का जायजा लिया। बाह्य केंद्र व्यवस्थापकों ने बोर्ड के निर्देशों का कड़ाई से पालन कराया। केंद्र पर बगैर चेकिंग के किसी विद्यार्थी को प्रवेश नहीं मिल सका।
सीसीटीवी कैमरे के सामने खोला गया प्रश्नपत्र
प्रश्नपत्र की सुरक्षा को लेकर इस बार रात्रि में भी पुलिसकर्मी तैनात रहे। गुरूवार को परीक्षा शुरू हुई तो प्रश्नपत्र सीसीटीवी कैमरे के सामने परीक्षा केंद्र के व्यवस्थापक, बाहय केंद्र व्यवस्थापक व स्टेटिक मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में खोला गया।
हुई वेब कास्टिंग, सीसीटीवी से हुई निगरानी
यूपी बोर्ड परीक्षाओं की शासन स्तर से निगरानी की गई। परीक्षा की इस बार भी वेबकास्टिंग की गई। सभी केंद्रों में लगाए गए आवाज रिकॉर्ड करने वाले डबल सीसीटीवी कैमरा के जरिए नजर रखी गई। विभागीय स्तर पर स्थापित किए गए कंट्रोल रूम से भी केंद्रों की निगरानी की गई।
उम्मीद से आसान आया पेपर
बाल जगत इंटर कॉलेज के हाईस्कूल के छात्र नितिन ने बताया कि पेपर उम्मीद से आसान आया। तय समयसीमा से कुछ देर पहले पेपर को हल कर लिया।
आसान पेपर से तनाव हुआ दूर
महर्षि दयानंद विद्यापीठ की हाईस्कूल की छात्रा शहरीन ने बताया कि बोर्ड परीक्षा के पहले पेपर के लिए तनाव था। लेकिन हिंदी के आसान पेपर ने राहत दी।