रिटायर्ड आईएएस के घर का ताला तोड़ स्कूटी और मलेशिया की करेंसी चुराई
गाजियाबाद। राजनगर सेक्टर-14 में चोरों ने एक रिटायर्ड आईएएस अधिकारी पदम सिंह के घर का ताला तोड़कर स्कूटी, नकदी और घर में रखी मलेशिया की करेंसी चुरा ली। चोर उनकी स्कूटी से फरार हो गया। सीसीटीवी कैमरे में एक चोर कैद हुआ है। उन्होंने कविनगर थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोर की शिनाख्त कर उसकी तलाश में जुटी है। पदम सिंह राजनगर में पत्नी शकुंतला देवी के साथ रहते हैं और उनकी बेटी व दामाद मलेशिया में रहते हैं। उनका कहना है कि बीती छह फरवरी को चोर उनके घर का ताला तोड़कर अंदर घुसा और करीब 21 हजार की मलेशिया और 10 हजार की भारतीय करेंसी चोरी कर ली। उन्होंने बेटी के पास जाने के लिए मलेशिया की करेंसी ली थी, लेकिन कोरोना की वजह से नहीं जा सके। एसीपी कविनगर अभिषेक श्रीवास्तव का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर चोर की तलाश की जा रही है।