आईपीएस अधिकारी और भांजे से फ्लैट के नाम पर बिल्डर ने ठगे 54.50 लाख
गाजियाबाद। आईपीएस अधिकारी और उनके भांजे से बिल्डर ने फ्लैट बुक करके 54.50 लाख रुपये ठग लिए। दोनों ने राजनगर एक्सटेंशन की केडीपी एमजीआई सोसायटी में दो फ्लैट 2013 में बुक कराए थे। बिल्डर ने 2016 में कब्जा देने का वादा किया था। अब तक न तो फ्लैट दिए और न ही बिल्डर ने रकम लौटाई। आईपीएस अधिकारी के भांजे वरुण शुक्ला ने बिल्डर मनोज गोयल के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
वरुण का कहना है कि उन्होंने सोसायटी के डी-टावर में 25.20 लाख रुपये में फ्लैट बुक किया था। उनके मामा आईपीएस अधिकारी राम अभिलाष त्रिपाठी ने 29.30 लाख रुपये में इसी टावर में फ्लैट बुक किया था। लोन कराकर दोनों फ्लैट की रकम पूरी जमा की जा चुकी है। राम अभिलाष त्रिपाठी पूर्व में गाजियाबाद में भी तैनात रह चुके हैं और फिलहाल गोरखपुर में तैनात हैं। वरुण शुक्ला का कहना है कि बिल्डर मनोज गोयल के इस प्रोजेक्ट को जीडीए से एनओसी नहीं मिली है। जीडीए की देनदारी बकाया होने की वजह से बिल्डर रजिस्ट्री नहीं कर सकता है। उनका कहना है कि बिल्डर अब न तो रकम चुका रहा है और न ही फ्लैट दिया जा रहा है। एसीपी नंदग्राम आलोक दुबे का कहना है कि मामले की रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।