फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ghaziabad: राजनगर एक्सटेंशन की सोसाइटियों में आवारा कुत्तों को लाने पर पाबंदी, जल्द लगेंगे प्रतिबंध के बोर्ड

Sat, 14 Jan 2023 07:30 AM IST
गाजियाबाद ब्यूरो अमर उजाला नेटवर्क, गाजियाबाद

सार

फेडरेशन के अध्यक्ष का कहना है कि जल्द ही सभी सोसाइटी के गेट पर प्रतिबंध का बोर्ड नजर आएगा। इसकी शुरुआत रिवर हाइट्स सोसाइटी से हो चुकी है। सोसाइटी के लोग शुक्रवार को भी धरने पर बैठे रहे।
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : फाइल फोटो
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन की सोसाइटियों में आवारा कुत्तों के प्रवेश पर रोक का बोर्ड लगाया जाएगा। फेडरेशन ऑफ राजनगर एक्सटेंशन एओए के पदाधिकारियों ने यह फैसला लिया है। फेडरेशन के अध्यक्ष का कहना है कि जल्द ही सभी सोसाइटी के गेट पर प्रतिबंध का बोर्ड नजर आएगा। इसकी शुरुआत रिवर हाइट्स सोसाइटी से हो चुकी है। सोसाइटी के लोग शुक्रवार को भी धरने पर बैठे रहे।

विज्ञापन

बुधवार शाम रिवर हाइट्स सोसाइटी में आवारा कुत्तों को बाहर निकालने पर विरोध करने पहुंची पीएफए संस्था के सदस्यों के साथ मारपीट की घटना हो गई थी। मामले में पीएफए की जिलाध्यक्ष सुरभि रावत व सोसाइटी में रहने वाली पूनम के खिलाफ नंदग्राम थाने में मारपीट का मामला दर्ज किया जा चुका है। आवारा कुत्तों की समस्या लगभग हर सोसाइटी में बढ़ती जा रही है। एओए अध्यक्ष सुबोध त्यागी का कहना है कि कुछ डॉग लवर सोसाइटी में आवारा कुत्तों को बुलाकर खाना खिलाते हैं। इससे परिसर में जहां गंदगी फैल रही है वहीं कुत्ते लोगों पर हमला भी कर रहे हैं। बच्चों और बुजुर्गों के हाथों से कुत्ते खाने पीने का सामान छीन लेते हैं। कई लोगों को काट भी चुके हैं।

फेडरेशन के सदस्य राजकुमार का कहना है कि इस समस्या से निजात पाने के लिए ठोस कदम उठाने की जरूरत हैं। फेडरेशन की ओर से नियम बनाए जा रहे हैं कि सोसाइटी में ऐसे लोगों को मकान नहीं दिया जाएगा जो आवारा कुत्तों को परिसर के अंदर बुलाकर खाना खिलाते हैं। फेडरेशन के अध्यक्ष सचिन त्यागी का कहना है कि हम कुत्तों के दुश्मन नहीं हैं लेकिन घर और परिसर में आवारा कुत्तों को नहीं चाहते हैं। यदि कोई कुत्ता प्रेमी है तो सोसाइटी के बाहर उचित दूरी पर कुत्तों को खाना पीना दे सकता है या अपने फ्लैट के अंदर रख सकता है। सोसाइटी के लोगों के लिए बनाए गए कॉमन एरिया में आवारा कुत्तों को नहीं रखा जा सकता है। उन्होंने कहा कि फेडरेशन इस पर भी विचार कर रहा है कि यदि किसी को कुत्ता काटता है तो कुत्ते को पालने या देखरेख करने वाले से इलाज का खर्च दिलाया जाए।
विज्ञापन

पार्षद को सौंपा ज्ञापन
शुक्रवार को रिवर हाइट्स सोसाइटी में धरने पर बैठे लोगों से मिलने स्थानीय पार्षद संजीव त्यागी पहुंचे। लोगों ने उनके सामने कुत्तों की समस्या रखी और ज्ञापन सौंपा। पार्षद ने समस्या का समाधान कराने का लोगों को आश्वासन दिया। गुलमोहन गार्डन में भी आवारा कुत्तों से लोग खासे परेशान हैं। एओए अध्यक्ष सुदीप द्विवेदी का कहना है कि कुछ कुत्ता प्रेमियों की वजह से सोसाइटी में कुत्ते गंदगी फैला रहे हैं। कुत्ता प्रेमी इधर-उधर खाना खिलाकर परिसर को गंदा कर रहे हैं। कई लोगों पर कुत्ते हमला कर चुके हैं। विरोध करने पर कुत्ता प्रेमी लड़ाई पर उतारू हो जाते हैं। नगर निगम को कई बार पत्र लिखा गया लेकिन समाधान नहीं मिला।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें