कोरोना से बचाव का टीका खत्म... टीकाकरण बंद
गाजियाबाद। कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए लोगों की भीड़ टीकाकरण केंद्रों पर बढ़ते ही स्वास्थ्य विभाग के पास टीका समाप्त गया। जब तक शासन से टीका नहीं मिलेगा, तब तक टीकाकरण शुरू नहीं हो पाएगा। शनिवार को एमएमजी और संयुुक्त अस्पताल के अलावा सीएचसी और पीएचसी पर टीकाकरण हुआ लेकिन अब किसी भी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र पर टीका नहीं है। जिले के दो निजी अस्पताल यशोदा अस्पताल नेहरू नगर और कौशांबी में टीका मौजूद है।
निजी अस्पतालों में 350 रुपये में टीका लगने से अधिकांश लोग सरकारी अस्पताल में ही लगवा रहे थे। इस कारण से अधिकांश निजी अस्पतालों ने टीका मंगवाना बंद कर दिया था। अगस्त से संक्रमितों की संख्या कम होने के बाद लोगों ने बूस्टर डोज लगवाना बंद कर दिया था।
दिसंबर के पहले 15 दिन में 40 से 50 लोग ही बूस्टर डोज लगवा रहे थे। 16 दिसंबर के बाद बूस्टर डोज लगवाने वालों की संख्या बढ़ी। शनिवार को 769 लोगों ने बूस्टर डोज लगवाया। इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग के पास कोविड वैक्सीन का इमरजेंसी कोटा भी खत्म हो गया। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी (डीआईओ) डॉ. नीरज अग्रवाल का कहना है कि शनिवार को दोपहर में ही केंद्रों पर टीका समाप्त हो गया था। इमरजेंसी के लिए रखी गई 100 डोज भी केंद्रों पर भेज दी गईं। अब विभाग के पास सोमवार को लिए टीका नहीं है। रविवार को शासन स्तर से टीका मिल जाएगा तो सोमवार को बूस्टर डोज लगाई जाएगी।
नहीं है स्पूतनिक की डोज
कौशांबी स्थित यशोदा अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सुनील डागर का कहना है कि स्पूतनिक टीके की आपूर्ति बंद हो चुकी है। टीका बनाने वाली कंपनी ने एडवाइजरी कर कहा था कि बूस्टर डोज के लिए कोविशील्ड या कोवाक्सीन लगवा सकते हैं। दोनों टीके की 10 हजार डोज उपलब्ध है।
एक सप्ताह में हुआ टीकाकरण
24 दिसंबर 769
23 दिसंबर 280
22 दिसंबर 151
21 दिसंबर 107
20 दिसंबर 69
19 दिसंबर 375
18 दिसंबर 25
रविवार तक मिल जाएगा टीका
सीएमओ डॉ. भवतोष शंखधार ने बताया कि शासन से टीके की मांग की गई है। संभावना है कि रविवार को टीका मिल जाएगा तो सोमवार से टीकाकरण शुरू करा दिया जाएगा।