सड़क पर फेंका कूड़ा तो निगम ने चलाया बुलडोजर
गाजियाबाद। राजनगर डिस्ट्रिक्ट सेंटर (आरडीसी) में सड़क पर कूड़ा फेंकने से मना करने पर सफाई नायक के साथ अभद्रता करना दुकानदार को महंगा पड़ गया। निगम की टीम ने न केवल दुकानदार पर जुर्माना लगाया बल्कि बुलडोजर चलाकर कई दुकानों के सामने बनाए गए रैंप को ध्वस्त कर दिया। इस दौरान पुलिस बल भी मौके पर पहुंच गया।
मंगलवार सुबह सात बजे नगर निगम की सफाई कर्मियों की टीम आरडीसी पहुंची थी। यहां 24 इनटू सेवेन दुकान के सामने कूड़ा फेंका गया था। सफाई नायक ने कूड़ा फेंकने पर नाराजगी जताई और दुकानदार को चेतावनी दी। आरोप है कि दुकानदार ने अभद्रता की। करीब नौ बजे सफाई इंस्पेक्टर अशोक कुमार दल बल के साथ पहुंचे। अशोक कुमार ने बताया कि कूड़े के अलावा प्रतिबंधित पॉलिथीन का भी कूड़ा मिला। इसके बाद उन्होंने दुकानदार पर जुर्माना लगाने के लिए चालान बुक निकाला तो दुकानदार ने इंस्पेक्टर से भी अभद्रता की। अभद्रता करने की सूचना मिलने पर नगर स्वास्थ्य अधिकारी, प्रकाश विभाग, प्रवर्तन दल की टीम भी मौके पर पहुंच गई। प्रवर्तन दल ने दुकान के आगे बने रैंप को ध्वस्त कर दिया और आसपास बनी दुकानों के सामने के रैंप को तोड़ दिया। करीब एक घंटे तक कार्रवाई चलती रही।
-------
बिना लाइसेंस बेच रहा था सिगरेट
नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा. एमके सिंह ने बताया कि दुकानदार सड़क पर कूड़ा फेंक रहा था। इसके अलावा दुकान में बिना लाइसेंस तंबाकू उत्पाद सिगरेट भी बेच रहा था। दुकान में प्रतिबंधित पॉलिथीन भी मिली है। दुकानदार पर जुर्माने की कार्रवाई की जा रही है। नोटिस भेज दी गई है। सड़क पर कूड़ा फेंकने पर पांच हजार रुपये तक जुर्माने का प्रावधान है।
------
दुकानों के सामने बनाए गए रैंप तोड़े गए
कविनगर जोनल प्रभारी सुनील राय ने बताया कि प्रवर्तन दल ने आरडीसी में दुकानों के सामने हुए अतिक्रमण को हटाया। बुलडोजर लगाकर अवैध निर्माण ध्वस्त किया गया। दुकानदारों को चेतावनी दी गई है कि दोबारा अतिक्रमण करने पर जुर्माना लगाया जाएगा।