डायमंड आरओबी के पास रेलवे लाइन पर मिला शव
गाजियाबाद। कविनगर औद्योगिक क्षेत्र की एक फैक्टरी में तैनात एक चौकीदार का शव डायमंड आरओबी के पास रेलवे ट्रैक पर पड़ा मिला। जांच में पता चला है कि चौकीदार ने मौत से पहले झारखंड में रहने वाली पत्नी को कॉल की थी। पुलिस ने अंदेशा जताया है कि पत्नी से झगड़ा होने के बाद उसने आत्महत्या की है। चौकीदार के पास से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कविनगर एसएचओ अमित कुमार ने बताया कि झारखंड के गांव रंगसी अमरपुर निवासी अनिल पासी (40) रजापुर गांव में अपने साथी मजदूरों के साथ किराये पर रहता था। अनिल कविनगर औद्योगिक क्षेत्र की प्रदीप इंजीनियरिंग वर्क्स नाम की फैक्टरी में चौकीदार था। पुलिस पूछताछ में साथी मजदूरों ने बताया कि शुक्रवार रात अनिल ने पत्नी को कॉल की थी। अंदेशा है कि फोन पर अनिल का पत्नी अनीता पासी से झगड़ा हुआ। कॉल करने के बाद वह तत्काल कमरे से बाहर चला गया। इसके बाद वह अनिल का इंतजार करके सो गए। अनिल रात भर वापस नहीं लौटा। शनिवार तड़के अनिल की बेटी ने अपने उसके साथी मजदूर को कॉल की और बताया कि उसके पिता के फोन पर कॉल नहीं लग पा रही है। इसके बाद साथ मजदूरों ने उसकी तलाश शुरू की। डायमंड आरओबी के पास एक शव मिलने की सूचना पर पुलिस पहुंची तो मृतक की शिनाख्त अनिल के रूप में हुई। इसके बाद कविनगर पुलिस ने अनिल के शव को घटना की सूचना दी। कविनगर एसएचओ का कहना है कि मामले की पड़ताल की जा रही है। दूसरी ओर, अवंतिका कॉलोनी के पास रेलवे ट्रैक पर एक अन्य युवक (30) का शव पड़ा मिला। मृतक युवक की पहचान नहीं हो सकी है। उसके दाएं हाथ पर एआर लिखा हुआ है।