शराबी ने लगाई रसोई में आग फटा सिलेंडर
मोदीनगर। गदाना गांव में एक व्यक्ति ने शराब के नशे में रसोई में आग लगा दी। इसके चलते तेज धमाके के साथ रसोई में रखा सिलेंडर फट गया। हालांकि हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन मकान क्षतिग्रस्त हो गया। गदाना गांव निवासी महिला महेंद्री का कहना है कि पति शराब पीने का आदी है। आए दिन शराब के नशे में हंगामा करता रहता है। बताया कि बृहस्पतिवार रात पति ने शराब पीने के लिए रुपये मांगे। नहीं मिलने पर रसोई में रखे सामान में आग लगा दी। जिससे पूरी रसोई में आग लग गई। रसोई में रखे सामान के साथ सिलिंडर में भी आग लग गई। रसोई की आग से कुछ समय बाद तेज धमाके के साथ सिलेंडर फट गया, जिससे मकान क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। महिला ने अपने पति के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने नशे की गोलियों के साथ चरण सिंह को गिरफ्तार कर लिया है।