सर्वार्थ सिद्धि और अमृत योग में होगी धनतेरस की पूजा
गाजियाबाद। धनतेरस पर इस बार सर्वार्थ सिद्धि और अमृत सिद्धि योग बन रहा है। पंडित शिवकुमार शर्मा ने बताया कि रविवार को सूर्योदय के समय से लेकर दोपहर 2:33 बजे तक उत्तरा फाल्गुनी नक्षत्र है, जो सर्वार्थसिद्धि योग बनाता है और दोपहर 2:33 बजे से लेकर रात तक हस्त नक्षत्र अमृत सिद्धि योग रहेगा। उन्होंने बताया कि धनतेरस पर शाम को डेढ़ घंटे राहु काल की वजह से खरीदारी नहीं होगी बाकी पूरा दिन शुभ रहेगा।
धनतेरस रविवार को है। इस बार धनतेरस पर खरीदारी के लिए सुबह से ही शुभ मुहूर्त रहेंगे। इस दिन धनवंतरी जयंती भी मनाई जाती है। शाम 4:30 बजे से लेकर शाम 06:00 बजे तक राहु काल रहेगा। राहु काल को छोड़कर पूरा दिन खरीदारी के लिए शुभ रहेगा। पंडित दुलीदत्त कौशिक ने बताया कि शाम को लाभ और अमृत के चौघड़िया में धातुओं से बनी वस्तुओं की खरीदना अति शुभ माना जाता है। शास्त्रों में वर्णित है कि धातुओं की बनी वस्तुओं में लक्ष्मी का निवास होता है। वाहन, लक्ष्मी जी की प्रसन्न करने के लिए चांदी के सिक्के, आभूषण, बर्तन, लक्ष्मी कुबेर यंत्र आदि भी खरीदारी, नए कार्य या व्यापार का आरंभ करना शुभ होगा।
धनतेरस के दिन खरीदारी का शुभ मुहूर्त
सुबह 8:21 से 10:39 -- वृश्चिक लग्न (स्थिर लग्न)
सुबह 11:36 बजे से लेकर 12:24 तक अभिजीत मुहूर्त
शाम 6:54 बजे से 11:00 बजे तक वृषभ स्थिर लग्न और मिथुन लग्न भी शुभ रहेगा।