प्लेटफार्म पर भीड़ घटाने के लिए तीन गुना महंगा किया टिकट
गाजियाबाद। दीपावली और छठ पूजा के दौरान प्लेटफार्म पर भीड़ कम करने के लिए रेलवे ने प्लेटफार्म टिकट के दाम 10 रुपये से बढ़ाकर 30 रुपये कर दिया है। यह व्यवस्था छठ पूजा (तीस अक्तूबर) तक जारी रहेगी। त्योहार को लेकर शुक्रवार को विशेष जांच अभियान चलाया गया। गाजियाबाद रेलवे स्टेशन पर रुक कर जाने वाले ट्रेनों में आरपीएफ ने डॉग स्क्वायड के साथ जांच की।
आरपीएफ प्रभारी अनुज मलिक ने बताया कि त्योहार को लेकर सख्ती बरती जा रही है इसलिए विशेष जांच अभियान चलाया गया था। उन्होंने बताया कि शनिवार से प्लेटफार्म पर आरपीएफ कर्मियों की संख्या भी बढ़ाई जा रही है। चार प्लेटफार्म पर छह कांस्टेबल की जगह 12 तैनात किए जाएंगे। इसके अलावा स्टेशन के बाहर मेटल डिटेक्टर पर भी निगरानी बरती जा रही है।
इस बार 23 अक्तूबर को दीपावली और 30 अक्तूबर को छठ पूजा है। पूर्वांचल, पश्चिम बंगाल और बिहार की तरफ प्रतिदिन 50 से अधिक ट्रेनों का परिचालन होता है। त्योहार आते ही यात्रियों की संख्या 10 गुना तक बढ़ जाती हैं इसलिए गाजियाबाद से होकर जाने वाली 20 विशेष ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है।