हिंदू जागरण यात्रा रोकी, यति नरसिंहानंद नजरबंद
गाजियाबाद। हिंदू समाज को जागरूक करने के लिये शिवशक्ति धाम डासना के महंत और श्री पंचदशनाम जूना अखाड़ा के महामंडलेश्वर यति नरसिंहानंद गिरी की पदयात्रा पुलिस-प्रशासन ने रोक दी है। महंत को तीन दिन के लिए नजरबंद कर दिया है। महंत अपने 20 शिष्यों के साथ बृहस्पतिवार सुबह पदयात्रा पर निकालने की तैयारी में थे। महंत का कहना है कि पुलिस व प्रशासन के अफसरों ने उन्हें जेल में डालने की धमकी दी है।
बृहस्पतिवार सुबह एसपी देहात डॉ. ईरज राजा और एसडीएम सदर विनय सिंह मंदिर पहुंचे और शिवशक्ति धाम डासना से मेरठ के खजूरी गांव तक निकलने वाली पदयात्रा रोक दी। महंत का कहना है कि उनकी यात्रा का उद्देश्य पूरे हिंदू समाज को अपनी रक्षा खुद करने के लिए जागरूक करना था, योगी आदित्यनाथ के राज में पुलिस प्रशासन शरीयत लागू करने का प्रयास कर रही है। यात्रा में स्वामी अमृतानंद, स्वामी कृष्णानंद गिरी, साध्वी आस्था मां, यति सत्यदेवानंद, यति कृष्णानंद, यति रामस्वरूपानंद, यति सरोजनाथ, यति सत्यानंद, यति निर्भयानंद, यति रणविजयानंद, यति यतींद्रानंद सहित अनेक संत शामिल होने वाले थे।
एसडीएम विनय कुमार सिंह का कहना है कि महंत की सुरक्षा को ध्यान में रखकर यात्रा को रोका गया है। इसके अलावा इस समय धारा 144 लगी हुई है। इस दौरान भीड़ या कोई विवाद न हो इसके लिए महंत को मंदिर परिसर में रहने के लिए कहा गया है। जेल में डालने की धमकी देने का आरोप निराधार है।