राहत : 10 हजार घरों से दूर होगी दूषित पेयजल की समस्या
गाजियाबाद। ट्रांस हिंडन के बृजविहार में करीब दस हजार घरों में महीनों से चली आ रही दूषित पेयजल आपूर्ति की समस्या जल्द दूर होगी। नगर निगम की ओर से नई पेयजल लाइन डालने का काम शुरू हो गया है।
बृज विहार क्षेत्र में नाले के साथ करीब 15 साल पहले पेयजल लाइन डाली गई थी। इससे बृज विहार, रामप्रस्था, सूर्यनगर समेत कई कालोनियों को जलापूर्ति की जाती है। पिछले कई महीने से लोगों के घरों में पेयजल के साथ गंदा पानी मिलकर आ रहा है। लोगों का कहना है कि सप्लाई का पानी कपड़ा साफ करने लायक भी नहीं है। इसकी शिकायत जलकल विभाग में की गई। शिकायत के बाद जलकल विभाग की टीम ने मौके का निरीक्षण किया तो पता चला कि पेयजल लाइन में जगह जगह पर लीकेज की समस्या है। लोगों ने कई बार विरोध प्रदर्शन भी किया।
18 लाख की लागत से बिछाई जाएगी नई लाइन
जलकल विभाग के महाप्रबंधक आनंद त्रिपाठी ने बताया कि कार्यादेश जारी कर दिए गए हैं। 175 मीटर लंबी पानी की लाइन नाले के साथ गुजर रही है। लाइन पुरानी होने की वजह से दिक्कत हो रही है। नई लाइन नाले के बाहर से डाली जाएगी। इसमें करीब 18 लाख की लागत आएगी। आठ दिन में काम पूरा करने के निर्देश ठेकेदार को दिए गए हैं।