गांधी जयंती पर शुरू होगा हिंडन नदी पर तीसरा पुल
गाजियाबाद। हिंडन नदी पर दो अक्तूबर से जाम के झाम से राहत मिल जाएगी, क्योंकि तीसरे पुल का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। गाजियाबाद की तरफ से जाने वाले मार्ग पर स्लैप का काम अंतिम चरण में चल रहा है। दो दिन में पूरा हो जाएगा, लेकिन पुल महात्मा गांधी की जयंती पर खोला जाएगा। जीडीए के मुख्य अभियंता राकेश कुमार गुप्ता ने बताया कि दो अक्तूबर से वाहनों के लिए खोल दिया जाएगा। मुख्यमंत्री का समय मिलने पर पुल का उद्धाटन का समय तय होगा।
50 हजार से ज्यादा वाहन चालकों को मिलेगी राहत
2017 से बंद तीसरे पुल की वजह से सबसे ज्यादा परेशानी सुबह शाम कार्यालय जाने व आने के समय वाहन चालकों को उठानी पड़ रही है। पुल शुरू होने के बाद गाजियाबाद से दिल्ली की ओर जाने वाले वाहन चालकों को राहत मिल जाएगी। मौजूदा समय दिल्ली जाने के लिए केवल एक लेन का पुल है, जबकि वापसी में तीन लेन के दो पुल हैं, इसलिए लोगों को सुबह यहां पर जाम में फंसना पड़ता है। गाजियाबाद से मोहननगर की तरफ प्रतिदिन 50 हजार से अधिक वाहन प्रतिदिन गुजरते हैं।
15 अगस्त से शुरू होना था पुल
कांवड़ यात्रा के दौरान काम रुक गया था। इस कारण से काम पूरा होने में देरी हो गई। पहले इसे 15 अगस्त को शुरू किया जाना था, इसके बाद डेडलाइन बढ़ाकर 31 अगस्त किया गया था, लेकिन इस समयावधि में भी काम पूरा नहीं हो पाया तो तीसरी बार डेडलाइन बढ़ाकर 15 सितंबर की गई थी, अब फिर से बढ़ाकर दो अक्तूबर कर दिया गया है। मुख्यमंत्री ने भी निरीक्षण के दौरान जल्द काम पूरा करने का निर्देश दिया था।
22 करोड़ की लागत से तैयार हुआ पुल
तीन लेन का 176 मीटर लंबा और 7.50 मीटर चौड़ा का पुल 22 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हुआ है। पुल शुरू होने से मोहन नगर, साहिबाबाद, दिल्ली, आनंद विहार जाने में सहूलियत होगी। अभी पुल बंद होने से लोगों को काफी देर तक जाम से जूझना पड़ता है।