बड़े संस्थान विकसित करेंगे शहर के 17 प्रवेश द्वार
गाजियाबाद। शहर के 17 प्रवेश द्वार और प्रमुख प्वाइंट का सुंदरीकरण बड़े निजी संस्थान करेंगे। इन संस्थानों ने नगर निगम के साथ शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए हाथ मिलाया है। यह संस्थान अपने फंड से इन प्वाइंट पर सुंदर पेड़-पौधे लगाकर हरियाली विकसित करेंगे और सुंदर आकृतियां लगाएंगे। इस फंड को खर्च करने के एवज में इन संस्थानों को अपना प्रचार करने की इजाजत होगी।
यह पहला मौका है शहर के सुंदरीकरण के लिए शहर के बड़े संस्थानों ने नगर निगम के साथ मिलकर फंड खर्च करने की हामी भरी है। नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने बताया कि दिल्ली के यूपी गेट, आनंद विहार, भोपुरा और सीमापुरी बार्डर के अलावा नगर निगम क्षेत्र के अन्य प्रवेश द्वार पर यह सुंदरीकरण किया जाएगा। सुंदरीकरण की जिम्मेदारी लेने वालों में यशोदा अस्पताल, शिव शक्ति एडवटाइजर समेत साइट-4 औद्योगिक क्षेत्र के बड़े उद्योग भी शामिल हैं। सुंदरीकरण के बाद उनका रखरखाव करना भी इन्हीं संस्थानों की जिम्मेदारी होगी।