दुहाई डिपो पहुंची दूसरी रैपिड रेल
गाजियाबाद। अक्तूबर माह में ट्रायल रन की तैयारियां के बीच सोमवार को छह कोच की दूसरी रैपिड रेल दुहाई डिपो पहुंच गई है। गुजरात के सांवली स्थित एलस्ट्रोम प्लांट से दूसरी रैपिड रेल को गाजियाबाद पहुंचने में दो सप्ताह लगे हैं। सभी छह कोच को सड़क मार्ग से बड़े ट्रेलरों के जरिये लाया गया है। अब दुहाई डिपो में नेशनल कैपिटल रीजन ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (एनसीआरटीसी) के अधिकारियों की निगरानी में सभी कोच को सावधानी से सीधे ट्रैक पर उतारकर आपस में जोड़ा जाएगा।
इस प्रक्रिया में करीब एक सप्ताह का वक्त लग सकता है फिर दूसरी रैपिड रेल के डिपो के अंदर ही तकनीकी परीक्षण शुरू होंगे। साहिबाबाद से दुहाई के बीच 17 किमी लंबे प्राथमिकता खंड में निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है। कॉरिडोर में पटरियों को बिछाने का काम पूरा होने के साथ ही अब बिजली की लाइन (ओवर हेड इक्विपमेंट) को बिछाने, सिग्नल का काम तेज गति से जारी है। पहले खंड में साहिबाबाद और गुलधर रैपिड स्टेशन का काम एडवांस स्तर पर पहुंच चुका है। यहां मुख्य प्लेटफार्म के ऊपर शेड डालने का काम पूरा होने को है। वहीं स्वचालित सीढ़ियां (एस्केलेटर) लगाने का काम शुरू हो गया है। स्टेशनों को जोड़ने वाले प्रवेश और निकास द्वार को अंतिम रूप दिया जा रहा है। अगले माह अक्तूबर के आखिर में एनसीआरटीसी की योजना मुख्य ट्रायल रन शुरू करने की है। ऐसे में एनसीआरटीसी अधिकारियों की योजना अधिकांश कार्य को एक माह के अंदर पूरा करने की है।