बुलेट रानी शिवांगी को मिली जमानत
गाजियाबाद। महिला सिपाही को थप्पड़ जड़ने की आरोपी शिवांगी डबास उर्फ बुलेट रानी को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की कोर्ट से जमानत मिल गई। बचाव पक्ष ने तर्क दिया था कि पुलिस ने झूठे मुकदमे में फंसाया है। पुलिस से किसी तरह की कोई हाथापाई नहीं हुई है। न्यायिक मजिस्ट्रेट ने दोनों पक्षों की दलील सुनने के बाद शिवांगी को जमानत दे दी।
रविवार रात दस बजे एएलटी रोड पर शिवांगी डबास के दोस्त की कार से सिपाही की स्कूटी टकरा गई थी। इसके बाद दोनों के बीच विवाद हो गया था। सिपाही ज्योति ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिसमें बताया था कि वह ड्यूटी के बाद स्कूटी से घर जा रही थीं। एनडीआरएफ रोड से एएलटी की तरफ जाते समय कार चालक ओवरटेक कर रहा था। रास्ते में कार चालक ने स्कूटी में टक्कर मार दी। ज्योति ने कार चालक युवक को रुकने के लिए कहा तो कार में सवार शिवांगी ने गुस्से में ज्योति को थप्पड़ मार दिया। पुलिस को फोन करने की कोशिश की तो उसने मोबाइल छीनने का प्रयास किया। इसके बाद शिवानी ने अपशब्द कहे और उनकी वीडियो बनाई। वह धमकी देकर भाग गई थी। पुलिस ने शिवांगी और कार में सवार युवक के खिलाफ लोक सेवक को चोट पहुंचाने, मारपीट और अभद्रता करने, अपशब्द कहने, जान की धमकी और खतरनाक ढंग से गाड़ी चलाने की धाराओं में केस दर्ज किया था।