दो दिनों में डेंगू के चार मरीज मिले
गाजियाबाद। दो दिनों में चार लोगों में डेंगू की पुष्टि हुई है। बृहस्पतिवार को हापुड़ के रहने वाले एक व्यक्ति में पुष्टि हुई है। बाकी तीनों की बुधवार को पुष्टि हुई है। अब तक जिले में 22 डेंगू मरीजों की पुुष्टि हुई है। इन मरीजों का इलाज निजी और सरकारी अस्पतालों में चल रहा है। डेंगू ब्रीडिंग को लेकर लगातार सर्वे चल रहा है जिसमें सबसे अधिक कूलर में डेंगू का लार्वा पाया जा रहा है।
संक्रामक रोग विभाग की टीम ने गोविंदपुरम के 200 घरों में सर्वे किया जिसमें से 33 घरों में डेंगू का लार्वा मिला। मुरादनगर के निडोरी गांव में 50 घरों में से 25 से अधिक घरों में एडीज की ब्रीडिंग पाई गई। गोविंदपुरम के एच ब्लॉक में जिला मलेरिया अधिकारी के नेतृत्व में चार लोगों की टीम ने सर्वे किया किया। जिला मलेरिया अधिकारी जीके मिश्रा ने कहा कि निडोरी गांव में सभी घरों में कूलर के पानी में ही लार्वा की ब्रीडिंग पाई गई है। इसलिए सभी से अपील की गई है कि कूलर में पानी न रखें।
स्वाइन फ्लू के आठ केस मिले
स्वाइन फ्लू के आठ केस मिले हैं। जिले में अब 36 स्वाइन फ्लू के केस हो गए हैं। फिजिशियन अंशुल वार्ष्णेय ने बताया कि स्वाइन फ्लू इंफ्लूएंजा वायरस से होता है और वायरस ने अपना रूप बदल लिया है। इसलिए अब लगातार इसके केस आने लगे हैं। पहले दिसंबर से लेकर फरवरी, मार्च तक स्वाइन फ्लू के केस आते थे।