चिपियाना आरओबी पर स्लैब डालने का काम शुरू, सितंबर के पहले सप्ताह में दौड़ेंगे वाहन
गाजियाबाद। चिपियाना आरओबी पर सितंबर के पहले सप्ताह में वाहन चालकों को एनएच-9 पर लगने वाले जाम से निजात मिल जाएगी। गर्डर लांचिंग के बाद एनएचएआई ने अब यहां आरसीसी के स्लैब डालने का काम शुरू कर दिया है। 15 अगस्त तक यह स्लैब डालकर तैयार कर लिए जाएंगे। इसके बाद इनके ऊपर सड़क बनाने का काम शुरू होगा। एनएचएआई के अधिकारियों का कहना है कि सितंबर के पहले सप्ताह में वाहनों के लिए आरओबी को खोल दिया जाएगा।
दिल्ली से लालकुआं की तरफ आने वाले वाहन चिपियाना आरओबी तक छह लेन में दौड़ते हैं, लेकिन यहां आकर दो लेन में सिमट जाते हैं। आरओबी के निर्माण की वजह से यहां सड़क की चार लेन अभी बनकर तैयार नहीं हुई हैं। करीब 15 महीने से यहां अक्सर जाम लग जाने के कारण वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जुलाई में एनएचएआई ने रेलवे ट्रैफिक का ब्लॉक लेकर आरओबी के लिए भारी-भरकम ट्रस ब्रिज को लांच कर लिया है। अब इस ब्रिज पर आरसीसी का स्लैब डालना शुरू कर दिया गया है। एनएचएआई के परियोजना निदेशक अरविंद कुमार का कहना है कि 15 अगस्त के बाद इस स्लैब पर सड़क बनाने का काम शुरू कर दिया जाएगा। सितंबर के पहले सप्ताह में आरओबी को वाहनों के लिए खोल दिया जाएगा।
दो लेन की ऊंचाई भी बढ़ेगी
चिपियाना आरओबी पर दिल्ली से गाजियाबाद की ओर आने वाला ट्रैफिक अभी पुरानी दो लेन पर चल रहा है। इनकी ऊंचाई नए नेशनल हाईवे से काफी नीचे हैं। निर्माणाधीन चिपियाना आरओबी की चार लेन पर ट्रैफिक चालू हो जाने के बाद इन पुरानी लेन की ऊंचाई बढ़ाई जाएगी।