दवा के सैंपल में पाया गया स्टेरॉयड
गाजियाबाद। आयुर्वेदिक एवं यूनानी विभाग ने अप्रैल में नई बस्ती के दवा विक्रेताओं के यहां से आयुर्वेदिक दवाओं के सैंपल भरे थे। इन दवाओं की जांच के लिए विभाग ने यह सैंपल राजकीय प्रयोगशाला में भेजा था। जांच में दवाओं में स्टेरॉयड पाया गया है। रिपोर्ट आने के बाद इस दवा की बिक्री पर प्रतिबंध लगा दिया गया है और सभी दवा विक्रेताओं को इस दवा की बिक्री तत्काल प्रभाव से बंद करने के आदेश दिए गए हैं। क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ अशोक राणा ने बताया कि कोलकाता के गुड हेल्थ कैप्सूल के नमूने 19 अप्रैल को लिए गए थे। इन सैंपल को परीक्षण के लिए गया था जिसमें पाया गया है कि इस दवा में स्टेरॉयड था और यह दवा मिसब्रांड भी पाई गई है। इस दवा की बिक्री पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है साथ ही दुकानदारों को इस दवा के स्टॉक की जानकारी देने के लिए कहा गया है। साथ ही वित्तीय वर्ष 2021-22 और 2022-23 तक की बिक्री का भी लेखाजोखा उपलब्ध कराने को कहा गया है। उन्होंने बताया कि बताया कि इस आदेश के बाद से अगर यह दवा किसी औषधि विक्रेता द्वारा बेची जाएगी या भंडारण या आपूर्ति की शिकायत मिलने पर विक्रेता के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। आयुर्वेदिक दवाओं में स्टेरॉयड मिलाना पूरी तरह से निषेध है।