जीडीए के चार और निजी छह प्रोजेक्ट में होगा 4719 पीएम आवास का आवंटन
गाजियाबाद। प्रधानमंत्री आवासीय योजना के तहत जनपद में गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के चल रहे चार और निजी बिल्डरों के छह प्रोजेक्ट में कुल 4719 भवनों का जल्द आवंटन होगा। प्रोजेक्ट शुरू होने के डेढ़ साल बाद प्राधिकरण ने भवनों के आवंटन की तैयारी शुरू कर दी है। डूडा से पात्र आवेदकों की सूची मिलने और डीएम की संस्तुति के बाद ड्रॉ के जरिये आवंटन किया जाएगा। जीडीए के चार प्रोजेक्ट में 1934 भवनों का आवंटन किया जाएगा।
जीडीए के जनपद में पीएम आवास योजना के पांच प्रोजेक्ट चल रहे हैं। मधुबन बापूधाम योजना में पहले 856 भवनों के प्रोजेक्ट में से 240 आवास पर आवंटियों को जून माह में कब्जा दिया जाएगा। वहीं, डासना में कुल 426 पीएम आवास का निर्माण कार्य जारी है। इन कुल भवनों में 220 भवनों का पहले चरण में आवंटन हो चुका है। दूसरे चरण में 206 भवनों का आवंटन किया जाएगा। वहीं, नूरनगर में 480 पीएम आवास, प्रताप विहार में 720 पीएम आवास और निवाड़ी में 528 पीएम आवास का आवंटन जल्द पूरा हो जाएगा। जीडीए अपर सचिव सीपी त्रिपाठी का कहना है कि विभिन्न पीएम आवास प्रोजेक्ट में आवंटन की प्रक्रिया जल्द पूरी कर ली जाएगी।
बिल्डरों के छह प्रोजेक्ट में 2785 भवन होंगे आवंटित
जीडीए की ओर से निजी बिल्डरों द्वारा तैयार कराए जा रहे छह प्रोजेक्ट में 2785 भवनों का आवंटन किया जाएगा। बिल्डरों के पीएम आवास के प्रोजेक्ट राजनगर एक्सटेंशन में है। सबसे पहले एसीसी बिल्ड के पीएम आवास प्रोजेक्ट में 252 भवनों का आवंटन होगा। वहीं, महालक्ष्मी बिल्डर के प्रोजेक्ट में 946, एटीएस के प्रोजेक्ट में 789, जय अंबे बिल्डर के प्रोजेक्ट में 147 और अजनारा बिल्डर के प्रोजेक्ट में 318 पीएम आवास शामिल हैं। वहीं एक अन्य निजी बिल्डर के प्रोजेक्ट में 333 पीएम आवास का आवंटन होना है।
जीडीए के प्रोजेक्ट में 15 से 90 फीसदी तक काम पूरा
प्राधिकरण के विभिन्न पीएम आवास प्रोजेक्ट में काम की रफ्तार धीमी है। मधुबन बापूधाम योजना में पहले प्रोजेक्ट में करीब 90 फीसदी काम पूरा हो चुका है। उसके बाद डासना के प्रोजेक्ट में 45 फीसदी काम पूरा कर लिया गया है। नूरनगर के प्रोजेक्ट में 25 फीसदी तो निवाड़ी के प्रोजेक्ट में अब तक केवल 15 फीसदी काम हुआ है। प्राधिकरण अभियंत्रण अनुभाग की तैयारी विभिन्न प्रोजेक्ट के काम को रफ्तार देने की है, लेकिन फंड की कमी रुकावट बन रही है।
आवंटन के बाद मिलेगा करोड़ों का अंशदान:
पीएम आवास के आवंटन की प्रक्रिया पूरी होने और पात्र आवेदकों की सूची शासन के पोर्टल पर अपलोड होने से प्राधिकरण को बहुत राहत मिलेगी। आवंटन प्रक्रिया पूरी होने के बाद शासन स्तर से पीएम आवास प्रोजेक्ट केलिए मिलने वाले फंड की रुकावट दूर हो जाएगी। इससे विभिन्न प्रोजेक्ट के निर्माण कार्य को और रफ्तार मिलेगी। वर्तमान में आवंटन में विवाद के कारण पहले मधुबन बापूधाम प्रोजेक्ट में भी जीडीए को कोई अंशदान नहीं मिल पाया है।