छात्र की मौत की जांच करेंगे एडीएम, एसपी देहात
गाजियाबाद। स्कूल बस हादसे में छात्र अनुराग की मौत के मामले की जांच अब एडीएम और एसपी देहात करेंगे। मंगलवार को डीएम राकेश कुमार सिंह और एसएसपी मुनिराज नेे मृतक छात्र के परिजनों के साथ बैठक की। करीब दो घंटे चली इस बैठक के दौरान डीएम ने दो वरिष्ठ अधिकारियों की जांच कमेटी गठित की। यह कमेटी 45 दिन में जांच पूरी कर रिपोर्ट सौंपेगी। इस दौरान परिजनों ने प्रधानाचार्य को थाने से ही छोड़ दिए जाने पर नाराजगी जताई। उन्होंने दोषियों को कड़ी सजा दिलाए जाने की मांग की।
बंद कमरे में हुई बैठक में अभिभावक संघ के पदाधिकारी भी मौजूद रहे। बैठक में कई बार हंगामे की स्थिति बन गई। अभिभावक संघ की अध्यक्ष सीमा त्यागी का कहना है कि अधिकारियों ने उन्हें परिजनों का पक्ष रखने से रोक दिया। इस दौरान परिजनों ने कहा कि एफआईआर दर्ज होने के बावजूद स्कूल प्रधानाचार्य को क्यों छोड़ दिया गया। उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई। वहीं अभिभावक संघ ने इस मामले में मजिस्ट्रेट जांच की मांग की, लेकिन डीएम ने इसे मानने से इनकार कर दिया। उन्होंने दोषियों पर कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिलाया। हालांकि बाद में उन्होंने एडीएम और एसपी देहात की दो सदस्यीय जांच कमेटी गठित कर 45 दिन में रिपोर्ट देने के निर्देश दिए।