दिल्ली से अलीगढ़, मुरादाबाद और मेरठ रूट पर ट्रेनों का संचालन सोमवार को भी बाधित रहेगा। गाजियाबाद रेलवे स्टेशन पर निर्माणाधीन धोबीघाट आरओबी के लिए तीसरे दिन सोमवार को भी रेल यातायात और पावर ब्लॉक लिया गया है। इसकी वजह से सोमवार को नई दिल्ली-गाजियाबाद समेत चार ट्रेनें रद्द रहेंगी। कई अन्य ट्रेनों का समय बदलकर और बीच रास्ते में रोककर चलाया जाएगा।
निर्माणाधीन आरओबी पर धनुषाकार गर्डर (स्टिंग बो गर्डर) लांच करने के लिए बृहस्पतिवार और शुक्रवार को ब्लॉक लिया गया था। इस अवधि में गर्डर को लांच कर दिया गया। अब सोमवार को गर्डर के नीचे की स्टेजिंग हटाने के लिए ब्लॉक लिया गया है। इस दौरान प्लेटफार्म नंबर चार, पांच व छह और यार्ड की ओर जाने वाली लाइनों पर ट्रेनों का आवागमन बाधित रहेगा।