पंचायत चुनाव की गतिविधि भांपने को हर थाने पर विशेष टीम
गाजियाबाद। पंचायत चुनाव के मद्देनजर ग्रामीण क्षेत्र के हर थाने पर एक विशेष टीम गठित कर दी गई है। शराब तस्करी से जुड़े लोगों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
एसपी ग्रामीण डॉ. ईरज राजा ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र के आठ थानों मोदीनगर, मुरादनगर, निवाड़ी, भोजपुर, मसूरी, लोनी बॉर्डर, लोनी और ट्रॉनिका सिटी में 51 पुलिस चौकियां आती हैं। इनमें से करीब 40 पुलिस चौकी क्षेत्र में पंचायत चुनाव हैं। चुनाव के मद्देनदर ग्रामीण के थानों पर एक उपनिरीक्षक के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर दी गई है। यह टीम सिर्फ चुनाव से संबंधित गतिविधियों पर नजर रखेगी। इनमें आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों के खिलाफ कार्रवाई के साथ-साथ शराब तस्करों की धरपकड़ व अन्य घटनाओं पर भी नजर रखेगी। होली को देखते हुए बीट सिस्टम को पहले से अधिक सक्रिय करते हुए एसपी ग्रामीण ने थाना व चौकी प्रभारियों के जवाबदेही तय कर दी है। स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि गांवों में परंपरागत रूप से शराब का वितरण न होने पाए। एसपी ग्रामीण का कहना है कि पंचायत चुनाव के मद्देनदर ग्रामीण थानों की पुलिस को अलर्ट कर दिया गया है।
- 08 थाना क्षेत्रों की 40 पुलिस चौकी क्षेत्र में पंचायत चुनाव
- 08 विशेष पुलिस टीम चुनावी गतिविधियों पर रखेगी नजर
- 1200 लोगों को मुचलका पाबंद करा चुकी है पुलिस
- 130 अपराधियों पर गुंडा एक्ट की प्रक्रिया शुरू
- 15 लोगों पर लग चुकी है गुंडा एक्ट
- 2000 से अधिक शस्त्र लाइसेंस किए जा चुकेहैं जमा
---------
होली पर आठ सेक्टरों में बांटा जिला
गाजियाबाद। होली त्योहार के मद्देनजर पुलिस-प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। इसके तहत सर्किल के हिसाब से जिले को आठ सेक्टर में बांटा है। जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय ने निर्देश दिए हैं कि होली के अवसर पर विवाद की स्थिति पैदा होती रही है। लिहाजा सर्किल स्तर पर अधिकारी सजगता से हर गतिविधि पर नजर रखें। इसके अलावा 28 मार्च को मुस्लिम समाज द्वारा शब-ए-बारात मनाया जाएगा। जिसके अवसर पर रात्रि के समय कब्रिस्तानों में रोशनी और आतिशबाजी का प्रदर्शन किया जाता है। इस दौरान वांछनीय तत्वों के द्वारा धार्मिक कार्यों में विघ्न डालकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश की जा सकती है। जिले के संवेदनशील स्थानों पर शांति एवं कानून व्यवस्था बनाये रखने के लिये पीस कमेटियों की बैठक की जाएं। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिले के सभी आठ सर्किलों पर मजिस्ट्रेट नियुक्त कर दिए गए हैं।