शिवशक्ति धाम में उमड़े हिंदू संगठन, छावनी बना डासना
गाजियाबाद। शिव शक्ति धाम डासना में शुक्रवार को हिंदू संगठनों का जमावड़ा लगा। तनाव के मद्देनजर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। इस दौरान राष्ट्र निर्माण ट्रस्ट की तरफ से सुरेश चव्हाण ने शिव शक्ति धाम के पुनर्निर्माण के लिए 25 लाख रुपये इकट्ठा करने देने की घोषणा की। वहीं, सोशल मीडिया पर शुक्रवार को तमाम आपत्तिजनक वीडियो वायरल हुईं, जो पुलिस के रडार पर आ गई हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों को चयनित किया जा रहा है। उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
शिव शक्ति धाम डासना में पानी पीने गए संप्रदाय विशेष के युवक से मारपीट और धाम पर लगे बोर्ड को लेकर राजनीति गरमा गई है। इसी कड़ी में शुक्रवार को शिव शक्ति धाम में हिंदू संगठनों व साधु-संतों की महापंचायत हुई। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि शिव शक्ति धाम के अस्तित्व से छेड़छाड़ किसी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी ने धाम के महंत यति नरसिन्हानंद सरस्वती को समर्थन देने की घोषणा की। इस अवसर पर राष्ट्र निर्माण ट्रस्ट के मुखिया सुरेश चव्हाण के. ने शिव शक्ति धाम डासना के पुनर्निर्माण के लिए 25 लाख रुपये इकट्ठे करके देने का संकल्प लिया। इस मौके पर महामंडलेश्वर स्वामी प्रकाशानंद, दंडी स्वामी इंदु आश्रमजी महाराज, स्वामी रामस्वरूपानंद सरस्वती, स्वामी कृष्णदेवानंद सरस्वती, मछेंद्रपुरी महाराज, महंत पूजानंद गिरी, साध्वी आस्था मां, साध्वी विमलगिरी, साध्वी साधना गिरी, साध्वी भावना आदि संत मौजूद रहे। इसके अलावा वीर चक्र विजेता कर्नल टीपीएस त्यागी, राष्ट्र निर्माण ट्रस्ट के सुरेश चव्हाण के, तुफैल चतुर्वेदी, मधु किश्वर, अंकुर आर्य, कैप्टन शशिभूषण त्यागी, शुभम मंगला, आशीष गोडसे, कवि अमित शर्मा, कमल आग्नेय, अशोक पांडेय, दीपक सिंह, बृजभूषण सैनी, राजू सैनी आदि मौजूद रहे।
छावनी में तब्दील रहा डासना
दो दिन पहले बसपा विधायक असलम चौधरी द्वारा शिव शक्ति धाम में जाने की घोषणा सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी लेकिन बृहस्पतिवार को विधायक ने वीडियो वायरल कर इस घोषणा का खंडन किया था। तनाव के मद्देनजर डासना में भारी पुलिसबल तैनात रहा तथा अधिकारी पल-पल की अपडेट लेते रहे। हालांकि देर शाम तक सब कुछ सामान्य रहने पर अधिकारियों ने राहत की सांस ली।
सोशल मीडिया पर नजर रख रही पुलिस
शुक्रवार को सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक वीडियो वायरल हुईं। जिसमें संप्रदाय विशेष के लोगों को लेकर अशोभनीय टिप्पणी की गई। एसपी ग्रामीण डॉ. ईरज राजा का कहना है कि सोशल मीडिया की निगरानी की जा रही है। माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों को चयनित किया जा रहा है। उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।