पुलिस पर लगाया होटल मालिक को बचाने का आरोप
गाजियाबाद। गोविंदपुरम स्थित द ग्रैंड आइरिस होटल में शनिवार रात होटल में डीजे बजाने पर हुई मारपीट के मामले में पीड़ित परिवार ने मंगलवार को प्रेसवार्ता कर पुलिस पर होटल मालिक को बचाने का आरोप लगाया है। आरोप है कि पुलिस ने मामूली धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस कार्रवाई में भी ढिलाई बरत रही है। पंचशील प्राइमरोज सोसायटी निवासी शिकायतकर्ता स्वाति ने प्रेसवार्ता में कहा कि शनिवार रात जब घटना हुई तो वे सभी पुलिस के पास गए। आरोप है कि पुलिस ने मामले में उनसे कहा कि इस समय बाहर क्यों घूम रहे हो। वहीं, पुलिस ने उनका साथ नहीं दिया। मामले में पुलिस ने बलवा, मारपीट, चोरी, छेड़छाड़ की धारा में मुकदमा दर्ज किया है जबकि होटल मालिक और उसके स्टाफ ने उनके परिवार व मेहमानों में जानलेवा हमला किया था। पुलिस ने हत्या के प्रयास और गैर इरादतन हत्या के प्रयास में से कोई भी धारा नहीं लगाई। एसीपी मसूरी निमिष पाटिल का कहना है कि मामले में तहरीर और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर केस दर्ज किया गया है। 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। जांच में तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।