गाजियाबाद में ऑटो गैंग के बदमाश चालक व सवारी बनकर घूम रहे हैं। विजयनगर क्षेत्र में ऑटो गैंग के तीन बदमाशों ने आगरा के पांच सितारा होटल के शेफ ललित कुमार से हथियारों के बल पर लूटपाट की। बदमाशों ने ललित से 15 हजार की नकदी, मोबाइल फोन, चार्जर, ईयर फोन व अन्य सामान लूट लिया। विरोध करने पर बदमाशों ने उनके साथ मारपीट की। इतना ही नहीं चाकू के बल पर जान से मारने की धमकी देकर पेटीएम व मोबाइल का पासवर्ड पूछकर भाग गए।
क्रासिंग रिपब्लिक के महाराणा विहार निवासी ललित कुमार आगरा के द ओबराय अमर विलास होटल में शेफ हैं। उन्होंने बताया कि वह 29 जनवरी की रात करीब साढ़े 10 बजे आगरा से घर के लिए बस से नोएडा आए थे। वहां से उन्होंने सेक्टर 62 के लिए ऑटो लिया। सेक्टर 62 उतरने के बाद उन्होंने घर जाने के लिए दूसरा ऑटो लिया। ऑटो में पहले से ही दो बदमाश सवारी बनकर बैठे थे। कुछ दूर चलने के बाद ऑटो चालक ने ऑटो क्रासिंग रिपब्लिक की तरफ ले जाने की बजाय विजयनगर की ओर मोड़ दिया। सजवान कट के पास फ्लाईओवर के नीचे बदमाशों ने उनके साथ वारदात को अंजाम दिया। एसीपी नगर अंशु जैन का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। बदमाशों को पकड़ने के लिए टीमें लगा दी गई हैं। जल्द बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
जान से मारने की धमकी देकर पूछा पासवर्ड
ललित कुमार ने बताया कि बदमाशों ने जाते समय उन पर चाकू लगा दिया और मोबाइल व पेटीएम का पासवर्ड पूछा। नहीं बताने पर जान से मारने की धमकी देने लगे। ललित कुमार का कहना है कि उनका मोबाइल फोन बदमाश ले गए। ऐसे में उन्हें अभी जानकारी नहीं हुई कि बदमाशों ने उनके खाते से कितने रुपये निकाले हैं। नए सिम पर अभी मेसेज नहीं आ रहे हैं तो इसकी जानकारी नहीं लग पा रही है।
चौकी पर नहीं मिली पुलिस
ललित कुमार का कहना है कि घटना के बाद वह पैदल चलकर बाईपास चौकी पहुंचे लेकिन वहां पुलिस नहीं मिली। इसके बाद वह अपने घर चले गए। अगले दिन सुबह उन्होंने विजयनगर थाने पहुंचकर पुलिस को सूचना देकर रिपोर्ट दर्ज कराई।