गाजियाबाद के कविनगर के अवंतिका निवासी डॉ. वीरेंद्र कुमार पोरवाल से शातिरों ने जल्दी पार्सल भेजने का झांसा देकर उनके खाते से एक लाख रुपये निकाल लिए। शातिरों ने उन्हें 10 रुपये का भुगतान करके दो घंटे में पार्सल को भेजने के नाम पर ठगी की वारदात की। मामले में उन्होंने साइबर सेल में शिकायत कर कविनगर थाने में केस दर्ज कराया है।
वीरेंद्र कुमार का कहना है कि उनका बेटा मोहित हैदराबाद में है। उन्होंने दो जनवरी को सामान भेजने के लिए नामी कुरियर कंपनी से पार्सल भेजा था। चार जनवरी को उन्होंने कुरियर को ट्रैक करने के लिए इंटरनेट पर कुरियर कंपनी का पेज डाउनलोड किया और ट्रैक करने का प्रयास किया। कुरियर के बारे में जानकारी डालने के बाद उनके पास दो बार अलग-अलग नंबरों से फोन कॉल आई।
कॉलर ने उन्हें उनका पार्सल एयरपोर्ट पर होने और 12 जनवरी तक कुरियर पहुंचने की बात कही। इसके बाद कॉलर ने दो घंटे में कुरियर को पहुंचाने की बात कहकर उनसे 10 रुपये का भुगतान करने को कहा। उनका कहना है कि उनके की ओर से भेजे गए लिंक को खोलकर जानकारी डाली लेकिन भुगतान नहीं किया।
इतने में उनके खाते से एक लाख रुपये निकल गए। ठगी का पता चलने पर उन्होंने अपना बैंक खाता ब्लॉक कराकर साइबर सेल से शिकायत की। कविनगर एसीपी अभिषेक श्रीवास्तव का कहना है कि मामले में साइबर सेल की मदद लेकर शातिरों को ट्रेस करने का प्रयास किया जा रहा है।